Bihar Police: रक्षाबंधन पर पुलिस का अभया कवच, स्कूटी पर निकलीं पुलिस दीदियां

Bihar Police:रक्षाबंधन के मौके पर पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर एक नई पहल की शुरुआत की है। ...

Police Launches Abhaya Brigade for Women Safety on Rakhi
रक्षाबंधन पर पुलिस का अभया कवच- फोटो : reporter

Bihar Police: रक्षाबंधन के मौके पर गया पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर एक नई पहल की शुरुआत की है। महिलाओं और बालिकाओं की हिफाजत, जागरूकता और जरूरत के वक्त फौरन मदद पहुंचाने के मकसद से ‘पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम’ यानी अभया ब्रिगेड को मैदान में उतारा गया है। शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7 बजे गया पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरीय पुलिस अधिकारियों ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मी स्कूटी के साथ पेट्रोलिंग के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं। अभया ब्रिगेड का मकसद सिर्फ गश्त करना नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं के बीच पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना भी है। टीम क्षेत्र में सक्रिय रहकर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।

स्कूटी पर निकलीं ‘पुलिस दीदियां’

गया पुलिस केंद्र से रवाना हुई महिला पुलिसकर्मियों की यह टीम अलग-अलग इलाकों में पेट्रोलिंग करेगी। पुलिस के मुताबिक, महिलाओं और बालिकाओं को किसी तरह की परेशानी होने पर टीम उनकी मदद करेगी। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।अभया ब्रिगेड को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक, गया की ओर से महिला पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय और मुस्तैद रहें। आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल कायम करें और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लें।

सुरक्षा के साथ जागरूकता पर जोर

पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम की जिम्मेदारी में सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता भी अहम हिस्सा है। पुलिस का प्रयास है कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी मुश्किल हालात में वे बेझिझक पुलिस से मदद मांग सकें।इस पहल को महिला सुरक्षा के मोर्चे पर गया पुलिस का अहम कदम माना जा रहा है। खासकर उन इलाकों में जहां स्कूल-कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थल या महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है, वहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा सकती है।

रक्षाबंधन के दिन शुरू हुई यह पहल प्रतीकात्मक तौर पर भी खास है। जिस दिन भाई अपनी बहनों की हिफाजत का संकल्प लेते हैं, उसी दिन गया पुलिस ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए ‘अभया ब्रिगेड’ का सुरक्षा कवच मैदान में उतारा है।गया पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अब देखना होगा कि अभया ब्रिगेड जमीनी स्तर पर महिला सुरक्षा को कितनी मजबूती देती है और आम महिलाओं के बीच पुलिस का भरोसा कितना बढ़ा पाती है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार