Bihar News : गयाजी में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने किया उद्भेदन, मौके से आरोपी को किया गिरफ्तार, निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियार किया बरामद
Bihar News : गयाजी में विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
GAYAJI : जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध हथियार निर्माण में संलिप्त एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस की इस मुस्तैदी के कारण हथियार निर्माण में जुटा आरोपी भागने में सफल नहीं हो सका और पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में निर्मित व अर्द्धनिर्मित हथियार तथा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टे, दो देसी एकनाली बंदूकें, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, सात खाली खोखे और हथियारों के कई अलग-अलग पुर्जे जब्त किए हैं। इसके अलावा, अवैध हथियार बनाने के काम में इस्तेमाल किए जाने वाले कई आधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इनमें ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी, लोहे की रॉड तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले अन्य जरूरी औजार और सामान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनोज मिस्त्री से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन आपराधिक गिरोहों या तस्करों के संपर्क में था और अब तक किन-किन लोगों को हथियारों की सप्लाई कर चुका है। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
मनोज की रिपोर्ट