Bihar News: गयाजी में चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, लॉक हुए दरवाजों में फंसे तीन लोग, बाल-बाल बची जान

Bihar News: स्कॉर्पियो में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

गयाजी में चलती स्कॉर्पियो में लगी आग
चलती स्कॉर्पियो में लगी आग- फोटो : reporter

Gayaji: एक रूह कंपा देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां चलती स्कॉर्पियो अचानक आग का गोला बन गई। गया-बोधगया सड़क मार्ग पर पहाड़पुर मोड़ के समीप यह हादसा उस वक्त हुआ, जब गाड़ी में सवार तीन लोग मौत के मुहाने पर पहुंच गए।

बताया जाता है कि स्कॉर्पियो में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। सबसे खौफनाक मंजर तब सामने आया जब गाड़ी के सभी दरवाजे लॉक हो गए और अंदर बैठे लोग फंस गए। कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो यह हादसा एक बड़ी त्रासदी में तब्दील हो जाएगा।

गया इंजीनियरिंग प्राइवेट वर्कशॉप के वरिष्ठ महाप्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि वे अपने मेहमानों के साथ बोधगया की ओर जा रहे थे, तभी अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा। जैसे ही उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की, दरवाजे जाम हो चुके थे। किसी तरह हिम्मत और सूझबूझ से दरवाजा खोलकर तीनों ने अपनी जान बचाई।

जैसे ही वे बाहर निकले, देखते ही देखते स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह खाक हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और गया-बोधगया मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम महज 10 मिनट में मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। यह हादसा एक बड़ा सवाल छोड़ गया है अगर कुछ सेकंड की देरी हो जाती, तो यह घटना एक भयावह हादसे में तब्दील हो सकती थी। फिलहाल, तीनों की जान बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार