Bihar News : गयाजी में मंत्री संतोष सुमन को सोशल मीडिया पर गाली देना पड़ा भारी: आरोपी उमेश कुमार को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : गया में मंत्री संतोष सुमन को सोशल मीडिया पर गाली देना एक युवक को भारी पड़ गया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी में मंत्री संतोष सुमन को सोशल मीडिया पर ग
मंत्री को गाली देना पडा महंगा - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया जिले में सूबे के मंत्री संतोष कुमार सुमन के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली-गलौज करना एक युवक को बेहद भारी पड़ गया। मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने मंत्री के खिलाफ बेहद अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था। वीडियो वायरल होने के बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

वीडियो वायरल होने के बाद घर छोड़कर हुआ था फरार

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले आरोपी उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर इस भड़काऊ वीडियो को पोस्ट किया था। वीडियो में उसने मंत्री संतोष सुमन को लेकर कई तरह की भद्दी और आपत्तिजनक बातें कही थीं। देखते ही देखते यह वीडियो इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल होने लगा। जैसे ही यह मामला मुफस्सिल थाना पुलिस के संज्ञान में आया, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिसिया कार्रवाई के डर से आरोपी उमेश कुमार अपने घर से फरार हो गया था।

मांझी समाज पर टिप्पणी को लेकर जताई थी नाराजगी

मामले की तह में जाने पर यह जानकारी सामने आई कि वायरल वीडियो में आरोपी उमेश कुमार एक अन्य वीडियो का जिक्र कर रहा था। उसका दावा था कि उस वीडियो में 'मांझी समाज' को निशाना बनाया गया है। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने ही समाज से आने वाले मंत्री संतोष सुमन पर इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप मढ़ा था और इसी आक्रोश में आकर उसने मंत्री के खिलाफ अपशब्दों की बौछार कर दी थी।

बुधवार की रात पुलिस ने घर से दबोचा

वीडियो के प्रामाणिक होने की पुष्टि के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और खुफिया तंत्र के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी। इसी बीच बुधवार की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गुपचुप तरीके से अपने घर लौटा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए फौरन छापेमारी की और फरार चल रहे आरोपी उमेश कुमार को उसके घर से ही दबोच लिया।

पुलिस की सोशल मीडिया पर नजर, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मुफस्सिल थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी जनप्रतिनिधि या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना, अभद्र भाषा का प्रयोग करना या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करना कानूनन अपराध है। पुलिस इस तरह के मामलों को लेकर लगातार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के जरिए नजर रख रही है और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मनोज की रिपोर्ट