Bihar Education News: गया में शिक्षा का सौदा, सरकारी स्कूल की किताबें कबाड़ी में बिकते हुए वीडियो वायरल, मास्टर साहिबा पर लगे संगीन इल्जाम!

Bihar Education News: बिहार के शिक्षा विभाग को झकझोर देने वाला एक और सनसनीखेज वाकया गया जिले से सामने आया है।

Govt School Books Sold as Scrap Viral Gaya Video Sparks Row
गया में शिक्षा का सौदा- फोटो : reporter

Bihar Education News: बिहार के शिक्षा विभाग को झकझोर देने वाला एक और सनसनीखेज वाकया गया जिले से सामने आया है। गया के टिकारी प्रखंड अंतर्गत जमालपुर राजकीय विद्यालय का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें सरकार द्वारा गरीब बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए बांटी जाने वाली मुफ्त और कीमती किताबें सरेआम कबाड़ में बेची जा रही हैं। ताज्जुब की बात यह है कि इस काले कारनामे का पर्दाफाश करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसी स्कूल के मासूम बच्चे हैं जिन्होंने हिम्मत जुटाकर इस पूरे वाकये का वीडियो अपने कैमरों में कैद कर लिया।

ऑटो पर लादकर भेजी गईं किताबें

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस शर्मनाक करतूत के केंद्र में स्कूल की ही एक शिक्षिका अर्चना कुमारी का नाम सामने आ रहा है। इल्जाम है कि स्कूल के कमरों में धूल फांक रही या बच्चों के बस्ते तक पहुंचने वाली सरकारी किताबों को चुपके से एक ऑटो रिक्शा में लादा गया और खुलेआम कबाड़ी की दुकान पर बिक्री के लिए भेज दिया गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेखौफ अंदाज में ज्ञान की इन किताबों का सौदा किया जा रहा है, जिन्हें पढ़कर देश का भविष्य आगे बढ़ना चाहिए था।

कानून और महकमे का नहीं रहा खौफ

यह वाकया इस बात  को दिखाता है कि गया के इन शिक्षा के ठेकेदारों  में बैठे कुछ अयाश और लापरवाह शिक्षकों  के दिल से अब न तो सरकार का खौफ बचा है और न ही कानून का डर। जब हुकूमत सूबे के बच्चों को पढ़ाने के लिए मुफ्त किताबें और सहूलियतें मुहैया कराने का दम भरती है, तब ऐसी तस्वीरें पूरे महकमे के मुंह पर एक करारा तमाचा हैं।

अब सवाल यह उठता है कि क्या शिक्षा विभाग इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी शिक्षिका और इस खेल में शामिल अन्य लोगों पर कोई सख्त कार्रवाई करेगा या फिर फाइलों के शोर में इस घपले को भी दबा दिया जाएगा? गया के अवाम और अभिभावकों की निगाहें अब जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- मनोज कुमार