Bihar News : गया पुलिस ने 9 शराब कारोबारियों को किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब और 4 बाइक किया जब्त
Bihar News : गयाजी में विशेष छापामारी अभियान में भारी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद की गई है। वहीँ पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
GAYAJI : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, सेवन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपना शिकंजा और कस दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर 2 सितंबर 2026 को चलाए गए विशेष छापामारी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब बरामद करते हुए 9 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत कुल 459.65 लीटर देसी महुआ शराब, 48 लीटर देसी शराब और 3.25 लीटर अंग्रेजी (विदेशी) शराब जब्त की गई है। इसके साथ ही शराब की तस्करी और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 4 मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने मौके से जब्त किया है। यह पूरी कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई, जिसमें कोच, कोतवाली, पूरा, बोधगया, चंदौती, मेन, खिजरसराय और फतेहपुर थाना क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस ने इन इलाकों में कई दिनों से फरार चल रहे वारंटियों और शराब तस्करों के ठिकाने पर दबिश देकर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कथन बिंद उर्फ मिथुन कुमार, संजय चौधरी, दीपक कुमार, राहुल कुमार, प्रिंस कुमार, शिवपूजन कुमार और शिवकुमार के रूप में हुई है, जिनमें दो महिला आरोपी भी शामिल हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम 2022 की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले भर के शराब कारोबारियों और तस्करों के बीच हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
मनोज की रिपोर्ट