गया में सनसनी: संदिग्ध हालत में मिली युवती,अस्पताल में भर्ती; थानाध्यक्ष बोले अनहोनी से इनकार नहीं, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
बिहार के गया-नवादा मुख्य मार्ग पर बंगलापर स्थित झाड़ियों में एक 25-30 वर्षीय महिला संदिग्ध अवस्था में मिली है। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर पर खरोंच के निशान थे। स्थानीय लोगों ने मौके से दो संदिग्धों को पकड़कर पीटा, जो बाद में फरार हो गए।
बिहार के गया-नवादा मुख्य मार्ग पर मेहता पेट्रोल पंप के समीप बंगलापर स्थित खंडहरनुमा झाड़ियों में एक 25 से 30 वर्षीय महिला संदिग्ध अवस्था में पाई गई। दिनदहाड़े महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त होने और उसके शरीर पर खरोंच के निशान दिखने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटने के बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे प्रभावती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भीड़ ने दो संदिग्धों को पकड़ा और पीटा, चकमा देकर हुए फरार
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों का दावा है कि महिला के पास ही दो संदिग्ध युवक भी पाए गए थे। जब लोगों ने उनसे पूछताछ शुरू की, तो माहौल गरमा गया और उग्र भीड़ ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि, भीड़ का फायदा उठाकर दोनों संदिग्ध युवक मौके से भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और उन फरार संदिग्धों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पूछताछ के दौरान पीड़ित महिला ने खुद को वजीरगंज थाना क्षेत्र के अमेठी गांव की निवासी बताया है। शुरुआती जांच में महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है, जिससे वह पूरी घटना क्रमवार तरीके से बताने में असमर्थ है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि महिला वहां तक किन परिस्थितियों में पहुंची और उसके साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे।
थानाध्यक्ष का बयान: मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति
इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला शराब के नशे में लग रही है और मानसिक रूप से भी कुछ कमजोर प्रतीत हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला के साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी या गंभीर वारदात की संभावना से फिलहाल इनकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन घटना की वास्तविक पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मुस्तैदी से जांच कर रही है।
गयाजी से मनोज कुमार की रिपोर्ट