Gaya Police: गया जी में बड़ी कार्रवाई! मगध मेडिकल थानाध्यक्ष पर गिरी निलंबन की गाज

Gaya Police: गया के मगध मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार को कार्य में लापरवाही और केस अनुसंधान में अनियमितता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने गंभीर आपराधिक मामले की जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की।

Gaya Police

Gaya Police: मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अपने ही एक थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गया जी जिले के मगध मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार के खिलाफ की गई है। उन पर कार्य में लापरवाही और केस की जांच में अनियमितता बरतने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक ने मगध मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक गंभीर आपराधिक मामले की जांच के दौरान गड़बड़ी पाए जाने के बाद की गई।

गया पुलिस की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। इसी को देखते हुए विभागीय कार्रवाई की गई है। यह मामला केस संख्या 224/2026 से जुड़ा हुआ है। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि इस मामले की जांच के दौरान प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निष्पक्ष तरीके से निर्वहन नहीं किया गया। जांच में यह पाया गया कि मगध मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने अनुसंधान के दौरान कई अनियमितताएं की थीं।

निष्पक्ष जांच पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी- पुलिस विभाग

पुलिस विभाग का कहना है कि किसी भी आपराधिक मामले की निष्पक्ष जांच पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो इससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। पुलिस महानिरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और निष्पक्ष जांच में बाधा पहुंचाने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन को लेकर एक स्पष्ट संदेश गया है कि जांच कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गया जी रिपोर्ट प्रेमशंकर