Bihar Crime: ट्रेन से उतरते ही दरिंदगी, गैंगरेप की वारदात से सनसनी, 10 संदिग्ध हिरासत में
Bihar Crime: बिहार के गया-पटना रेलखंड पर एक दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
Gayaji : बिहार के गया-पटना रेलखंड पर एक दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। बेलागंज थाना क्षेत्र के बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। यह वाकया न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज के सामने भी गंभीर चुनौती पेश करता है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है, जो शुक्रवार की शाम ट्रेन से अपने ननिहाल बेलागंज के एक गांव आ रही थी। सफर के दौरान ही कुछ अज्ञात युवकों ने साजिश के तहत ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। जैसे ही ट्रेन रुकी, युवती नीचे उतरी, तभी पहले से घात लगाए चार दरिंदों ने उसे दबोच लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे अपनी टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और तफ्तीश शुरू कर दी। संदेह के आधार पर अब तक 10 युवकों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। शनिवार को पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मेडिकल जांच कराई है और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर अहम सबूत जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। यह वारदात एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कब तक बेटियां इस तरह दरिंदगी का शिकार होती रहेंगी और कब कानून का खौफ अपराधियों के दिल में पैदा होगा।
रिपोर्ट- मनोज कुमार