गया में शराब माफिया पर बड़ा प्रहार, जेसीबी से कुचली गई 2 करोड़ से अधिक की अवैध शराब, 187 मामलों में जब्त खेप का हुआ विनष्टीकरण

Bihar Excise Department: गयाजी जिले में अवैध शराब के कारोबारियों और शराब माफिया के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।...

Gaya Destroys Seized Liquor Worth Over ₹2 Crore in Major Act
कुचली गई 2 करोड़ से अधिक की अवैध शराब- फोटो : reporter

Bihar Excise Department: गयाजी जिले में अवैध शराब के कारोबारियों और शराब माफिया के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में जब्त की गई भारी मात्रा में देसी-विदेशी शराब, महुआ स्पिरिट और बीयर को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

इस बड़ी कार्रवाई के तहत जिले के विभिन्न पुलिस थानों, उत्पाद थानों और रेल थानों में दर्ज 187 मामलों (कांडों) में जब्त शराब की खेप को नष्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार, नष्ट की गई शराब की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।शराब विनष्टीकरण की यह कार्रवाई डोभी चेकपोस्ट स्थित समेकित जांच चौकी (उत्पाद विभाग) के परिसर में की गई। न्यायालय और जिलाधिकारी के आदेश के बाद जब्त शराब की हजारों बोतलों और ड्रमों को मैदान में लाया गया, जिसके बाद जेसीबी मशीन चलाकर शराब की बोतलों को कुचल दिया गया और अवैध कारोबार की इस खेप को जमींदोज कर दिया गया।

मौके पर मौजूद उत्पाद निरीक्षक राम प्रीत कुमार ने बताया कि जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी के दौरान बरामद की गई महुआ, बीयर, देसी और विदेशी शराब को नियमों के तहत नष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य साफ है कि जिले में चल रहे अवैध शराब के सिंडिकेट और तस्करी के नेटवर्क को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जो भी लोग गैरकानूनी तरीके से शराब के धंधे में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूरी कार्रवाई को पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए मौके पर भारी प्रशासनिक और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अलाउद्दीन अंसारी, बाराचट्टी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, डोभी के अंचल अधिकारी, उत्पाद विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त शराब को नष्ट करना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि अवैध शराब के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गया प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए लगातार छापेमारी, जब्ती और कानूनी कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट- मनोज कुमार