"हथियार न लहराव बाहुबली..." गाने पर युवक का रील स्टंट; दोस्तों पर तानी पिस्टल,गयाजी पुलिस करेगी गिरफ्तार

बिहार के गयाजी में डेल्हा थाना क्षेत्र के बैरागी मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय युवक रोहित कुमार उर्फ बौना का भोजपुरी गाने पर पिस्टल लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में वह दोस्तों पर भी हथियार तानता दिख रहा है।

gaya delha police viral video pistol waving rohit bauna
गया के डेल्हा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते युवक के वायरल वीडियो की जांच करती पुलिस- फोटो : Reporter

गयाजी: सोशल मीडिया पर रील बनाने और रसूख दिखाने के चक्कर में युवा लगातार कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ताजा मामला गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र का है, जहां बैरागी मोहल्ला निवासी एक युवक का हाथ में सरेआम पिस्टल लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बजने और हथियार का प्रदर्शन किए जाने का यह वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे संज्ञान में लेकर स्थानीय पुलिस अब मामले की तफ्तीश में जुट गई है।


"हथियार न लहराव बाहुबली..." गाने पर पिस्टल लहराता दिखा युवक

वायरल हो रहे इस वीडियो के बैकग्राउंड में एक लोकप्रिय भोजपुरी गाना "हथियार न लहराव बाहुबली, रात भर जोड़ रंगदार-रंगदार हमसे नाता..." बजता हुआ साफ सुनाई दे रहा है। गाने की धुन पर वीडियो में दिख रहा मुख्य युवक हाथ में पिस्टल जैसी एक वस्तु (हथियार) लेकर उसे बेखौफ अंदाज में लहरा रहा है। इतना ही नहीं, कमरे में तीन अन्य व्यक्ति भी बैठे नजर आ रहे हैं, जिनकी तरफ युवक बारी-बारी से हथियार तानता हुआ और धौंस जमाता हुआ दिखाई पड़ रहा है।


अवैध शराब कारोबार से जुड़े होने की चर्चा, आरोपी की उम्र महज 19 वर्ष

स्थानीय सूत्रों और मोहल्ले के लोगों के अनुसार, वीडियो में स्टंट करता दिख रहा यह युवक बैरागी मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय रोहित कुमार उर्फ बौना बताया जा रहा है। सूत्रों का यह भी दावा है कि उक्त युवक इलाके में शराब के अवैध कारोबार से भी जुड़ा हुआ है, जिसकी वजह से वह अक्सर इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहता है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक युवक के बैकग्राउंड या शराब तस्करी से जुड़े इन आरोपों की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।


असली है या नकली हथियार? थानाध्यक्ष ने कहा— गिरफ्तारी के बाद होगा साफ

वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद डेल्हा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस तकनीकी सेल की मदद से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह वीडियो कब और किस सटीक स्थान पर शूट किया गया था। इस मामले को लेकर डेल्हा थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वीडियो में दिख रही पिस्टल असली है या कोई नकली खिलौना। जांच में अवैध हथियार की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट - मनोज कुमार