Bihar News : गयाजी से लापता चार लड़कियां दिल्ली में हुई बरामद, दो ने बनाया था 'लड़कों' का वेश, पुलिस को चकमा देने के लिए कटवा लिए थे बाल

Bihar News : गयाजी लापता चार लड़कियों को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है. हालाँकि लड़कियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए लड़कियों ने कई हथकंडे अपनाये थे......पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी से लापता चार लड़कियां दिल्ली में हुई बराम
लड़कियां बरामद - फोटो : MANOJ

GAYAJI : गयाजी शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई चार लड़कियों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। डेल्हा थाना की विशेष टीम चारों युवतियों को लेकर गया वापस लौट आई है। इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि बरामद की गई लड़कियां फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं और न्यायालय के समक्ष उनका बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच के अनुसार, ये चारों लड़कियां एक ही मोहल्ले की रहने वाली हैं और एक-दूसरे को काफी समय से जानती थीं। डीएसपी ने बताया कि इनमें से दो लड़कियों के बीच काफी गहरा संबंध था और वे साथ रहना चाहती थीं, जबकि बाकी दो अन्य लड़कियां अपनी सहेलियों का साथ निभाने के लिए उनके साथ घर छोड़कर चली गईं। इस मामले की सबसे चुनौतीपूर्ण बात यह थी कि लड़कियां अपने साथ मोबाइल फोन लेकर नहीं निकली थीं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रैक करना पुलिस के लिए शुरुआत में बेहद मुश्किल साबित हुआ।

जांच के दौरान पुलिस को तब अहम सुराग मिले जब यह पता चला कि लड़कियां रास्ते में अनजान लोगों से मोबाइल मांगकर अपने परिजनों को फोन कर रही थीं। गया से निकलने के बाद वे पहले बक्सर पहुंचीं और वहां से दिल्ली की ओर निकल गईं। पुलिस को शुरुआत से ही इस बात का अंदेशा था कि लड़कियां जानबूझकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी पहचान पूरी तरह बदलने के लिए एक हैरान करने वाला कदम उठाया।

डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने बताया कि दिल्ली में दो लड़कियों ने लड़कों का वेश धारण कर लिया था। उन्होंने अपने बाल कटवा लिए थे और जींस-स्वेटर पहनकर लड़कों की तरह रहने लगी थीं। वेश बदलने की वजह से वे दो बार पुलिस की टीम के सामने से गुजरीं, लेकिन पुलिस उन्हें पहचान नहीं सकी। हालांकि, तकनीकी निगरानी और पुलिस की विशेष सतर्कता के कारण अंततः उन्हें दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके से ढूंढ निकाला गया।

इस सफल अभियान के बाद गया पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि लड़कियों को दिल्ली में किसी ने पनाह दी थी या वे खुद के भरोसे वहां रह रही थीं। डीएसपी ने घोषणा की कि इस कठिन केस को सुलझाने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा, जिसके लिए वरीय अधिकारियों को अनुशंसा भेजी जा रही है। फिलहाल, सभी लड़कियों को उनके परिजनों से मिलवाने से पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मनोज की रिपोर्ट