65 लाख निवेश के दावे पर 2.82 करोड़ का विवाद: महिला डायरेक्टर ने पार्टनर पर दर्ज कराई FIR, पुलिस जांच में जुटी

गयाजी जिले में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी की पार्टनरशिप को लेकर एक बड़ा वित्तीय विवाद सामने आया है। कंपनी की महिला डायरेक्टर ने अपने बिजनेस पार्टनर और 'मौर्या हाइट्स' के डायरेक्टर पर 65 लाख रुपये के निवेश के गबन और धमकी देने का आरोप लगाया है.....

65 लाख निवेश के दावे पर 2.82 करोड़ का विवाद: महिला डायरेक्टर
65 लाख निवेश के दावे पर 2.82 करोड़ का विवाद- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी की पार्टनरशिप को लेकर एक बड़ा वित्तीय विवाद सामने आया है। कंपनी की महिला डायरेक्टर नगमा ने अपने बिजनेस पार्टनर और 'मौर्या हाइट्स' के डायरेक्टर इकबाल हुसैन पर 65 लाख रुपये के निवेश के एवज में रकम लौटाने से मुकरने, कंपनी में हिस्सेदारी देने से इनकार करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने 11 अगस्त को थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


2014 से पार्टनरशिप का दावा, 33.33% हिस्सेदारी की बात आई सामने 

नगमा के अनुसार, वर्ष 2014 में दोनों के बीच पार्टनरशिप की शुरुआत हुई थी और कंपनी में उनकी 33.33 प्रतिशत हिस्सेदारी तय की गई थी। उनका दावा है कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों और पारिवारिक सदस्यों से फंड जुटाकर लगभग 65 लाख रुपये कारोबार में लगाए थे। अपने दावों के समर्थन में उन्होंने 2020 का एग्रीमेंट, एमओयू (MOU), कंपनी के कागजात, व्हाट्सएप चैट और वॉइस मैसेज पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं। आरोप है कि 2022 के एक वॉइस मैसेज में आरोपी ने 2.82 करोड़ रुपये के भुगतान की बात स्वीकार की थी।


आरोपी इकबाल हुसैन ने आरोपों को बताया बेबुनियादफॉरेंसिक जांच की मांग 

दूसरी ओर, मौर्या हाइट्स बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी के डायरेक्टर इकबाल हुसैन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए झूठा और बेबुनियाद करार दिया है। उनका कहना है कि महिला ने कंपनी में कोई बड़ी रकम निवेश नहीं की है, बल्कि महिला और उनके परिवार ने उनसे कई बार कर्ज लिया था। उन्होंने अपने पक्ष में हस्ताक्षरित दस्तावेज और गवाहों का हवाला देते हुए फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने 10 अगस्त को हुई कथित घटना के आरोपों को नकारते हुए कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित होने का दावा किया है।


जांच और साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर थाना पुलिस दोनों पक्षों द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों, व्हाट्सएप चैट, वॉइस मैसेज और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक व तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता सामने आएगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट