NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट: 12 केंद्रों पर सुरक्षा सख्त, परीक्षार्थियों के लिए यह फ्री सेवा और कोचिंग-फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद

NEET-UG पुनर्परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर गया जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसकी भी व्यवस्था की है...

NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट: 12 केंद्रों पर स
NEET-UG पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 की पुनर्परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गया जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के दिशा-निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री शैलेश दास की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि परीक्षा के दौरान उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुचारू यातायात और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ 'जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी' के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


गया जिला में बनाए गए 12 परीक्षा केंद्र, इन प्रमुख कॉलेजों में होगी परीक्षा

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा के सफल संचालन के लिए गया जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में प्रमुख रूप से जगजीवन कॉलेज, गया इंजीनियरिंग कॉलेज (खिजर सराय), इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट (IIM) बोधगया, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज (ब्लॉक ए और बी - कटारी हिल), गया कॉलेज के तीन ब्लॉक (एमबीए ब्लॉक, आईटी कमर्स ब्लॉक और सीवी रमन ब्लॉक) शामिल हैं। इनके अलावा केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 (बैरागी), मानवीकी ब्लॉक (गया कॉलेज), महावीर इंटर कॉलेज (स्वराजपुरी रोड) और केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 (कैंट एरिया पहाड़पुर) को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।


परीक्षा के दिन कोचिंग संस्थान और फोटोकॉपी की दुकानें रहेंगी पूरी तरह बंद

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने और पेपर लीक या किसी भी तरह की सेटिंग को रोकने के लिए प्रशासन ने बेहद कड़े कदम उठाए हैं। परीक्षा के दिन जिले के सभी कोचिंग संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे और उनकी गतिविधियों पर खुफिया नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास की सभी फोटोकॉपी (एक्सटेंशन) की दुकानें भी बंद रखने का आदेश दिया गया है। सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक खबरों को रोकने के लिए आईटी सेल द्वारा 24x7 मॉनिटरिंग की जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सीधे प्राथमिकी दर्ज कर सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।


परीक्षार्थियों के लिए फ्री बस सेवा, भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम

राज्य सरकार के विशेष आदेशानुसार, नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए बीएसआरटीसी (BSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। परीक्षार्थी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से सीधे अपने एग्जाम सेंटर तक इन बसों से मुफ्त सफर कर सकेंगे। उप विकास आयुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि परीक्षा शुरू होने से पहले हर हाल में परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुँचाया जाए। इसके अलावा, भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर अभिभावकों के लिए छायादार वेटिंग एरिया, शुद्ध पेयजल और सिविल सर्जन के माध्यम से ओआरएस (ORS) एवं एंबुलेंस सहित पुख्ता मेडिकल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।


अफसरों को ऑन-स्पॉट रहने का निर्देश, दंडाधिकारियों की होगी प्रतिनियुक्ति

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को परीक्षा की अवधि के दौरान लगातार क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या समस्या सामने आने पर अधिकारियों को तुरंत स्पॉट पर पहुँचकर स्थिति संभालने को कहा गया है। मानकों के अनुसार, सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और दंडाधिकारियों (Magistrates) की प्रतिनियुक्ति की जा रही है ताकि सुरक्षा घेरा अभेद्य रहे।


24x7 जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित, इस नंबर पर दे सकेंगे संदिग्ध सूचना

परीक्षा के सुचारू संचालन और किसी भी प्रकार की आपातकालीन सहायता या संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष (District Control Room) को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। आम नागरिक या परीक्षार्थी किसी भी संदेहास्पद मामले की जानकारी चौबीसों घंटे जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 0631-2222253 पर दे सकते हैं, जिस पर त्वरित एक्शन लिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, अपर जिला दंडाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी थानों के अध्यक्षों सहित जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

मनोज कुमार की रिपोर्ट