Bihar News : गया में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की साजिश किया नाकाम, जंगल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक किया बरामद
Bihar News : गयाजी में 47वीं बटालियन सीआरपीएफ एवं लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है.....पढ़िए आगे
GAYAJI : नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ और लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गया के सुदूर जंगली क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और खतरनाक विस्फोटक सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों की इस मुस्तैद कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सघन तलाशी के लिए चलाया गया था 'सैडो' अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी और उनकी संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया सूचना के बाद डी/47 बटालियन सीआरपीएफ की टीम ने सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व तथा कमांडेंट अवधेश कुमार के कड़े पर्यवेक्षण में लुटुआ थाना पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष क्षेत्र प्रभुत्व (SADO) अभियान चलाया। इस संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बल जंगल के भीतर काफी दूर तक दाखिल हुए और हर संदिग्ध हिस्से की बारीकी से जांच की गई।
डुमरी नाला के पास चट्टानों के बीच छिपाया था जखीरा
अभियान के दौरान सोनदाहा कैंप से लगभग 4.5 किलोमीटर पश्चिम और डुमरी गांव से करीब 1.5 किलोमीटर पश्चिम स्थित डुमरी नाला के समीप सुरक्षा बलों की नजर कुछ संदिग्ध चट्टानों पर पड़ी। सुबह करीब 7:35 बजे जब चट्टानों के बीच गहनता से तलाशी ली गई, तो वहाँ छिपाकर रखी गई हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इस बेहद संवेदनशील ऑपरेशन में 47वीं बटालियन सीआरपीएफ के डॉग स्क्वाड तथा बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ते (BDDS) ने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता के बूते सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
एके-47 के कारतूस और डेटोनेटर समेत कई सामग्री बरामद
सुरक्षा बलों द्वारा जब्त किए गए जखीरे में नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक भरमार बंदूक, प्रतिबंधित एके-47 राइफल के पांच जीवित कारतूस व एक खाली खोखा, एसएलआर (SLR) के दो जीवित कारतूस व एक खाली खोखा बरामद किया गया है। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 12 वोल्ट की एक बैटरी, एसएलआर पुल-थ्रू के पांच टुकड़े और विस्फोट को अंजाम देने के लिए रखा गया लगभग 20 मीटर लंबा इलेक्ट्रिक तार भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी, सुरक्षा व्यवस्था हुई पुख्ता
सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इस बड़ी बरामदगी के बाद सुरक्षा बल शांत नहीं बैठे हैं, बल्कि आसपास के सभी घने जंगल क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन्स लगातार जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों की यह खेप किसी बड़ी हिंसक वारदात को अंजाम देने के लिए जुटाई गई थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया है। सुरक्षा बल क्षेत्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं और इस सफलता से इलाके में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।