Bihar News : दरभंगा में तालाब में डूबने से पति और पत्नी की हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

Bihar News : दरभंगा में तालाब में डूबने से पति पत्नी की मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : दरभंगा में तालाब में डूबने से पति और पत्नी की ह
पति पत्नी की मौत - फोटो : SOCIAL MEDIA

DARBHANGA : जिले के भरवाड़ा गांव में गुरुवार की सुबह एक रूह कंपनी वाली घटना सामने आई है, जहां पनपीही तालाब से एक ही साथ पति-पत्नी का शव बरामद किया गया। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय सनाउल्लाह और उनकी 48 वर्षीय पत्नी इशरत प्रवीण के रूप में हुई है। इस दोहरे हादसे के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय लोगों ने सुबह तालाब में एक महिला का शव उतराते देखा। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान महिला के शव के साथ-साथ उनके पति का शव भी पानी से बाहर निकाला गया। तालाब के घाट पर दोनों की चप्पलें बरामद होने के बाद ही अनहोनी की आशंका पुख्ता हो गई थी।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रमजान के दौरान 'सेहरी' के समय हुआ। घर में शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण इशरत प्रवीण शौच के लिए तालाब की ओर गई थीं और उनके साथ उनके पति भी थे। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने के कारण इशरत गहरे पानी में समा गईं और उन्हें बचाने की कोशिश में पति सनाउल्लाह ने भी अपनी जान गंवा दी।

मामले में एक दुखद पहलू यह भी सामने आया है कि मृतका इशरत प्रवीण की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। परिजनों ने बताया कि महज एक सप्ताह पहले भी उन्होंने तालाब में जाने की कोशिश की थी, लेकिन तब समय रहते उन्हें बचा लिया गया था। हालांकि, इस बार नियति को कुछ और ही मंजूर था और दंपति काल के गाल में समा गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच (DMCH) भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से हुई दुर्घटना का लग रहा है, फिर भी पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। मृतक दंपति अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जिनके सिर से एक ही पल में माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।

वरुण ठाकुर की रिपोर्ट