Bihar News : दरभंगा में मदरसे से जंजीर तोड़कर भागे चार छात्र, यातना देने और जबरन काम कराने का लगाया आरोप, चाइल्ड लाइन ने किया रेस्क्यू

Bihar News : दरभंगा जिले के सिनुआरा गांव में उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब चार नाबालिग बच्चे पैरों में जंजीर और ताला लगे होने की बेहद दर्दनाक स्थिति में गांव पहुंचे.....पढ़िए आगे

Bihar News : दरभंगा में मदरसे से जंजीर तोड़कर भागे चार छात्र
मदरसे से भागे छात्र - फोटो : VARUN

DARBHANGA : बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनुआरा गांव में उस समय भारी हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई, जब चार नाबालिग बच्चे पैरों में जंजीर और ताला लगे होने की बेहद दर्दनाक स्थिति में गांव पहुंचे। इन मासूम बच्चों को इस हालत में देखकर स्थानीय ग्रामीणों का कलेजा कांप उठा और मदरसे की इस अमानवीय करतूत को लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बच्चों ने आरोप लगाया कि उन्हें एक मदरसे में बंधक बनाकर रखा जाता था और वहां उन्हें भयानक मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी जाती थीं।

मधुबनी के रहने वाले हैं बच्चे, कुरान की शिक्षा के बहाने कराया जाता था काम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रताड़ना का शिकार हुए चारों नाबालिग बच्चे पड़ोसी जिले मधुबनी के अररिया संग्राम क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्हें उनके परिजनों ने धार्मिक व कुरान की दीक्षा लेने के लिए मदरसे में भेजा था। पीड़ित बच्चों का रो-रोकर कहना है कि मदरसे में उनसे पढ़ाई कराने के बजाय दिनभर शौचालय की साफ-सफाई, खाना बनाने के लिए जलावन (लकड़ियां) काटने समेत अन्य कड़े घरेलू काम कराए जाते थे। जब भी वे थककर अपने घर जाने की जिद करते थे, तो मौलाना और प्रबंधन द्वारा उनके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी और भागने के डर से उनके पैरों में लोहे की भारी जंजीरें बांधकर ताला जड़ दिया जाता था।

जुमे की नमाज के दौरान बाउंड्री फांदकर भागे मासूम

बच्चों ने बताया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के वक्त जब मदरसे के मुख्य मौलाना किसी काम से परिसर से बाहर गए हुए थे, तभी उन्हें भागने का सुनहरा मौका मिल गया। चारों बच्चों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह जंजीर समेत ही मदरसे की ऊंची बाउंड्री वॉल (दीवार) को पार किया और वहां से दौड़ते हुए सिनुआरा गांव पहुंच गए। गांव की गलियों में बच्चों के पैरों में जंजीर और ताला लटका देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम को दी।

पुलिस ने किया सुरक्षित बरामद, चाइल्ड केयर होम भेजे गए बच्चे

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बहादुरपुर थाना पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और चारों बच्चों को अपनी सुरक्षात्मक कस्टडी में लिया। पुलिस ने जंजीरों को कटवाकर बच्चों को मुक्त कराया और चाइल्डलाइन के माध्यम से उन्हें सुरक्षित 'चाइल्ड केयर संस्थान' (बाल गृह) भेज दिया है, जहां उनकी काउंसिलिंग और मेडिकल जांच कराई जा रही है। स्थानीय मुखिया ने बताया कि पीड़ित बच्चों की पहचान के आधार पर मधुबनी में उनके माता-पिता और परिजनों को पूरी घटना की आधिकारिक सूचना दे दी गई है।

दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, जांच में जुटी पुलिस

इस झकझोर देने वाले मामले के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बेहद गंभीर हैं। बहादुरपुर थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और मदरसे के जिम्मेदारों से पूछताछ की तैयारी है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि बच्चों के शरीर पर मिले चोट के निशान और ग्रामीणों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है; जांच में आरोप शत-प्रतिशत सही पाए जाने पर बच्चों को प्रताड़ित करने वाले मौलाना और संबंधित दोषियों के खिलाफ बाल श्रम और बाल उत्पीड़न की संगीन धाराओं के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरुण की रिपोर्ट