Darbhanga Accident: दरभंगा में एक रात ने उजाड़ दिए 3 परिवार! TVS पर सवार 4 दोस्तों का भीषण एक्सीडेंट,तीन की मौत, चौथा कोमा में

Darbhanga Road Accident:एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इस भीषण दुर्घटना में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

Darbhanga Road Accident
मौत का तांडव- फोटो : reporter

Darbhanga Road Accident: दरभंगा में बुधवार की अहले सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। इस भीषण दुर्घटना में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। चारों दोस्त एक ही TVS गाड़ी पर सवार थे। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और बाकरगंज मोहल्ले में मातम पसर गया। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति-27 के पास देर रात करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चारों किशोर दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड संख्या 39 के रहने वाले थे। मोहल्ले की एक मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के बाद चारों दोस्त रात करीब तीन बजे घरवालों को बिना बताए निकल गए थे।परिजनों को बताया गया था कि वे मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे हैं। हालांकि, इसके बाद चारों TVS गाड़ी लेकर हाईवे की ओर निकल गए। इसी दौरान वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए।

इस दुर्घटना में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की जान चली गई। वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, घायल किशोर कोमा में है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। 

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बाकरगंज के मोमिन टोला में हर तरफ मातम का माहौल है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर