Darbhanga fraud: दरभंगा में नकली स्नैक्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, छापेमारी में बड़ा खुलासा
Darbhanga fraud: दरभंगा में बॉस फूड के नाम पर नकली स्नैक्स बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। छापेमारी में भारी मात्रा में फर्जी प्रोडक्ट और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
Darbhanga fraud: दरभंगा में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां बिहार के मशहूर स्नैक्स ब्रांड “बॉस फूड” के नाम पर नकली प्रोडक्ट बनाकर बाजार में बेचे जा रहे थे। इस गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब कंपनी को लंबे समय से लगातार शिकायतें मिलने लगीं। जांच में पता चला कि चीकू, टेस्टी पटसा और चटोरी जैसे लोकप्रिय स्नैक्स की हूबहू नकली पैकिंग तैयार की जा रही थी और उन्हें असली ब्रांड के नाम पर दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था। यह पूरा खेल दरभंगा के दोनार इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से आई एक टीम, जो मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में थी, ने स्थानीय सदर थाना पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकली स्नैक्स, पैकिंग रैपर और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। सभी सामान को मौके पर ही सील कर दिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कंपनी के सेल्स ऑफिसर ने क्या कहा?
कंपनी के सेल्स ऑफिसर रवि चौधरी के अनुसार, पिछले करीब चार महीनों से नकली प्रोडक्ट को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस फर्जीवाड़े से कंपनी को करीब 10 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।
पूरे रैकेट की जांच कर रहा प्रशासन
जांच में एक कारोबारी सुनील अग्रवाल का नाम भी सामने आया है, जिस पर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े होने का शक जताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन इस मामले में पूरे रैकेट की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि नकली प्रोडक्ट कहां-कहां सप्लाई किए गए थे। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय स्तर पर खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और ब्रांडिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
दरभंगा वरुण ठाकुर की रिपोर्ट