दरभंगा में फिटनेस सर्टिफिकेट में हो रहा फर्जीवाड़ा, भाजपा विधायक ने नगर निगम पर साधा निशाना, बिल्डर पर 70 लाख की डिमांड का खुलासा
Bihar Real estate dispute: एवी सिग्नेचर रेजिडेंसी प्रोजेक्ट को लेकर सियासी और प्रशासनिक घमासान तेज हो गया है।...
Darbhanga: एवी सिग्नेचर रेजिडेंसी प्रोजेक्ट को लेकर सियासी और प्रशासनिक घमासान तेज हो गया है। केवटी से भाजपा विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने दरभंगा नगर निगम के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर इल्ज़ाम लगाते हुए पूरे मामले को फर्जीवाड़े और साज़िश का नाम दिया है।
विवाद उस वक्त और गहरा गया जब विधायक का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ। हालांकि, उन्होंने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह उनकी छवि को धूमिल करने की सोची-समझी चाल है। उनका दावा है कि जब उन्होंने अपने 35 फ्लैट्स के हैंडओवर की मांग की, तब बिल्डर ने उन्हें बदनाम करने के लिए यह ऑडियो वायरल कराया।
विधायक ने बिल्डर पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एग्रीमेंट के बावजूद उनके फ्लैट अधूरे हैं। बिजली, किचन और अन्य बुनियादी सुविधाएं अब तक पूरी नहीं की गई हैं, जबकि बिल्डर की ओर से अतिरिक्त 70 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
सबसे बड़ा आरोप नगर निगम पर लगा है, जहां एक ही फिटनेस प्रमाण-पत्र को दो बार जारी करने का मामला सामने आया है। विधायक के अनुसार, पहले जारी प्रमाण-पत्र में न तो दिनांक था और न ही पत्रांक। शिकायत के बाद उसी तारीख का दूसरा प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया, जिससे पूरे मामले में दस्तावेजी हेरफेर की आशंका गहराती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके और उनकी पत्नी के हस्ताक्षर का गलत इस्तेमाल करते हुए एक फर्जी पत्र नगर निगम को भेजा गया। इस पूरे प्रकरण में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता के हस्ताक्षर वाले दस्तावेजों पर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
वहीं, फ्लैट खरीदारों में भी भारी नाराजगी है। एक खरीदार ने कहा कि जीवनभर की कमाई से घर लेने के बावजूद उन्हें धोखा मिला है। लोगों का आरोप है कि नक्शा और निर्माण गुणवत्ता में भारी अंतर है बाथरूम से लेकर मटेरियल तक की क्वालिटी बेहद खराब है और स्टील रेलिंग में जंग लग चुका है।
अब यह मामला सिर्फ बिल्डर और खरीदारों तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ एक बड़ा विवाद बन चुका है। पूरे मामले ने दरभंगा में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर