सोनपुर के चार से अधिक पंचायत जलमग्न, गृह विभाग के प्रधान सचिव ने बाढ़ राहत शिविर का किया निरीक्षण
बिहार में बाढ़ की स्थिति भयावह हो गई है। छपरा जिले के सोनपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के उफान से बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है। बाढ़ के गहराते संकट के बीच गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने सोनपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया...
Chapra : बिहार के सारण जिले अंतर्गत सोनपुर प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के उफान से बाढ़ की स्थिति विकराल हो गई है। सबलपुर समेत चार से अधिक पंचायतों में बाढ़ का पानी सड़कों, मकानों, दुकानों और मंदिरों में प्रवेश कर चुका है। पानी भर जाने से दर्जनों दुकानें बंद हो गई हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के लिए नाव और ट्रैक्टर ही आवागमन का एकमात्र सहारा बचे हैं, जिसके जरिए सबलपुर से राहर दियारा चौक तक आवाजाही हो रही है।
गृह विभाग के प्रधान सचिव ने बाढ़ राहत शिविर का किया निरीक्षण
बाढ़ के गहराते संकट के बीच गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने सोनपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में शरण लिए बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। प्रधान सचिव ने राहत शिविर में खाना खा रहे लोगों के बीच पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और शिविर में मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा पीड़ितों से व्यवस्थाओं को लेकर पूछताछ की।
पीड़ितों के लिए भोजन, इलाज और पशु चारे की मुकम्मल व्यवस्था
सारण जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत शिविरों का संचालन किया जा रहा है। इन शिविरों में पीड़ितों के लिए शुद्ध भोजन, मेडिकल कैंप और मवेशियों के लिए चारे का प्रबंध किया गया है। बड़ी संख्या में बेघर हुए लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं, वहीं पशुपालक अपने मवेशियों की जान बचाने के लिए ऊंचे स्थानों पर तिरपाल तानकर रहने को मजबूर हैं।
2016 से भी अधिक बढ़ा गंगा का जलस्तर, 106 गांव बाढ़ की चपेट में
निरीक्षण के दौरान मीडिया से वार्ता करते हुए प्रधान सचिव पंकज कुमार ने बताया कि इस बार गंगा का जलस्तर वर्ष 2016 के रिकॉर्ड स्तर को पार कर गया है। दियारा क्षेत्र में अचानक पानी बढ़ने के कारण लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से सोनपुर और दिघवारा प्रखंड सर्वाधिक प्रभावित हैं, जहां कुल 106 गांव जलप्रलय की चपेट में आ चुके हैं।
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत जारी
प्रधान सचिव ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मुस्तैद है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में तटबंध टूटे हैं, उन्हें युद्ध स्तर पर ठीक कराया जा रहा है तथा पूरे क्षेत्र का सर्वेक्षण किया जा रहा है। पीड़ितों तक राशन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
रिषभ की रिपोर्ट