Kerala Landslide: वायनाड में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, छपरा का युवक लापता

केरल के वायनाड में भारी बारिश के बाद हुए भीषण भूस्खलन में सड़क निर्माण कार्य में लगे 15 मजदूर मलबे में दब गए हैं। लापता लोगों में बिहार के सारण (छपरा) जिले के तरैया का क्रेन चालक मोहम्मद इमरान भी शामिल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

kerala wayanad landslide chhapra bihar youth missing
केरल के वायनाड में भूस्खलन, मलबे में दबा छपरा का मोहम्मद इमरान- फोटो : Reporter

केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के कारण अचानक हुए एक भीषण भूस्खलन (landslide) की चपेट में आने से सड़क निर्माण कार्य में जुटे लगभग 15 मजदूर मलबे में दब गए हैं। घटना के समय पहाड़ी का एक बहुत बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरा, जिससे वहां काम कर रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लापता मजदूरों में सारण (छपरा) जिले के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत भटगाई गांव निवासी अब्दुल अंसारी के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इमरान भी शामिल हैं, जो वहां क्रेन चालक के रूप में कार्यरत थे। मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घर पर पसरा सन्नाटा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मोहम्मद इमरान के लापता होने की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव भटगाई पहुंची, पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण कार्यस्थल पर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इमरान के लापता होने की खबर सुनने के बाद से उनकी पत्नी शबनम खातून गहरे सदमे में हैं, वहीं पिता अब्दुल अंसारी सहित पूरा परिवार उनकी सकुशल वापसी के लिए लगातार दुआएं मांग रहा है।

छह माह की बेटी के भरण-पोषण के लिए गए थे केरल

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मोहम्मद इमरान अपने पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठा रहे थे और इसी सिलसिले में वह केरल में क्रेन ड्राइवर की नौकरी कर रहे थे। इमरान की महज छह महीने की एक मासूम बेटी है, जो अपनी मां के साथ गांव में ही रहती है। घर के कमाऊ सदस्य के इस तरह आपदा में फंस जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव के लोग भी इस घटना से बेहद मर्माहत हैं।

पीड़ित परिवार से मिले जनप्रतिनिधि, सरकार से मदद की गुहार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का पीड़ित परिवार के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, स्थानीय मुखिया ओम प्रकाश राम, उप सरपंच रामनारायण राम, पैक्स अध्यक्ष रणधीर सिंह और चौकीदार हैदर अली सहित कई ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन और बिहार सरकार से मांग की है कि वे तत्काल केरल सरकार से संपर्क साधें, ताकि लापता युवक की खोजबीन तेज की जा सके और पीड़ित परिवार को उचित सहायता मिल सके।

रिपोर्ट - धर्मेन्द्र रस्तोगी