छपरा में बेखौफ अपराधी का तांडव: नई बाजार में खुलेआम लहराई पिस्टल, CCTV में कैद हुई वारदात!

छपरा के भगवान बाजार थाना अंतर्गत नई बाजार अहिर टोली में असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम पिस्तौल लहराकर एक घंटे तक हंगामा करने का मामला सामने आया है।पुराने होटल विवाद को लेकर हुई घटना के बाद स्थानीय निवासी ने CCTV फुटेज के साथ थाने में लिखित शिकायत की

chapra nai bazar pistol waving cctv case
छपरा के नई बाजार में दिलीप होटल विवाद के बाद खुलेआम लहराई पिस्टल, CCTV में कैद हुई वारदात!- फोटो : Reporter

सारण (छपरा) जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बाजार अहिर टोली इलाके में बेखौफ अपराधियों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीते मंगलवार (07 जुलाई 2026) की रात करीब 9:00 से 9:30 बजे के बीच की है, जब रंजन राय के घर के पास दो असामाजिक तत्वों ने पिस्तौल/रिवॉल्वर का प्रदर्शन किया। इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी वीरेन्द्र कुमार उर्फ वीरेन्द्र अहीर ने भगवान बाजार थाना अध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।


घंटे भर हंगामा, सड़क जाम और दहशत का माहौल

शिकायत पत्र के अनुसार, बदमाशों ने करीब एक घंटे तक इलाके में जमकर हुल्लड़बाजी और हंगामा किया, जिससे पूरे मोहल्ले में अशांति फैल गई। इस उत्पात के कारण सड़क सेवा भी पूरी तरह बाधित हो गई और राहगीर जहां-तहां फंस गए। अपराधियों के इस रवैये से स्थानीय लोगों में किसी अनहोनी को लेकर भारी दहशत का माहौल बन गया और हंगामे की आवाज सुनकर पूरा मोहल्ला घटनास्थल पर जमा हो गया।


पुराने विवाद की प्रतिक्रिया में हुई हथियारबाजी

घटना के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पूर्व नई बाजार स्थित दिलीप के होटल के पास श्री रमोद राय के पुत्र, रकटू मिस्त्री/मियां के बेटों और खालिक मियां के नाती-पोतों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद की प्रतिक्रिया (रिएक्शन) में असामाजिक तत्वों ने रंजन राय के आवास के पास आकर खुलेआम पिस्तौल लहराई और जमकर बवाल काटा। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में भी कैद हो गई है।


जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की उठी मांग

पीड़ित पक्ष और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी को सौंपे गए आवेदन में मांग की गई है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इन असामाजिक तत्वों का मनोबल तोड़ा जा सके। इस शिकायत की प्रतिलिपि सारण के जिला पदाधिकारी (DM) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।

रिपोर्ट - धर्मेन्द्र रस्तोगी