सीएम बनने के बाद पहली बार पटना से बाहर निकले सम्राट चौधरी, बाबा हरिहरनाथ के दरबार में टेका माथा

सीएम बनने के बाद पहली बार पटना से बाहर निकले सम्राट चौधरी, ब

Chapra : बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद शुक्रवार को सम्राट चौधरी पहली बार राजधानी पटना से बाहर निकले और सीधे आस्था के केंद्र छपरा जिले के सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।


मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सोनपुर के भाजपा नेता ओम कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री हरिहरनाथ’ और ‘सम्राट चौधरी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।


इस मौके पर पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह, राणा रणधीर सिंह, जनक सिंह, रणधीर कुमार सिंह,राजेश कुमार सिंह, छोटी कुमारी, मंटू सिंह पटेल, भाजपा विधान पार्षद सच्चिदानंद राय सहित जदयू और भाजपा के सारण जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ी, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक और धार्मिक उत्साह से सराबोर दिखा।


मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में विशेष चौकसी बरती गई।


सम्राट चौधरी के इस दौरे को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका यह पहला बाहरी दौरा जहां एक ओर धार्मिक आस्था से जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का भी संदेश देता है।