Chhapra Road Accident: छपरा में दर्दनाक हादसा! 18 चक्का हाइवा ने टोटो कुचला, ससुर-पतोहू की मौत
Chhapra Road Accident: छपरा के NH-722 पर 18 चक्का हाइवा ने टोटो को कुचल दिया। हादसे में ससुर-पतोहू की मौत और चार लोग घायल हुए हैं।
Chhapra Road Accident: सारण जिले में रविवार (23 अगस्त 2026) की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ससुर और पतोहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा छपरा-एनएच-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास हुआ। तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा ने सामने से आ रहे बैटरी चालित टोटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इलाज कराकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां इलाज कराने के लिए अपनी पतोहू शहीदा खातून और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ टोटो से गरखा गए थे। इलाज कराने के बाद सभी लोग टोटो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भेल्दी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास मकेर की तरफ से छपरा की ओर जा रहा तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया। हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो को टक्कर मार दी और उसे बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में फारूक मियां और उनकी पतोहू शहीदा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में चार लोग घायल
दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान शाना प्रवीण, इरशाद, दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
बिजली का खंभा भी हुआ क्षतिग्रस्त
हादसे के दौरान अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली के लोहे के खंभे से भी टकरा गया। टक्कर के कारण बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
हादसे के बाद NH-722 पर लगा लंबा जाम
घटना की सूचना मिलने के बाद भेल्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कोशिश की, लेकिन मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
लोग सड़क पर बैठ गए और जाम हटाने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हादसे के कारण NH-722 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में ट्रक भी जाम में फंस गए।
सुल्तानगंज गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही सुल्तानगंज गांव में मातम छा गया। परिवार इलाज के बाद फारूक मियां और शहीदा खातून के सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों की मौत की खबर पहुंच गई। परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस लोगों को समझाने और सड़क पर यातायात बहाल करने की कोशिश में जुटी रही।
छपरा से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट