AEDO परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश, चप्पल में ब्लूटूथ और कलम में माइक्रोफोन के साथ मुन्ना भाई धराया

छपरा के साधुलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा के दौरान सिवान का रोहित कुमार ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया। हवाई चप्पल और कलम में छिपाए उपकरणों के साथ नकल की कोशिश नाकाम। प्राथमिकी दर्ज कर अभ्यर्थी को जेल भेजा गय

Bluetooth device and microphone seized from candidate in Chh
चप्पल में ब्लूटूथ और कलम में माइक्रोफोन के साथ मुन्ना भाई धराया - फोटो : news 4 nation

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की तीसरे चरण की परीक्षा 20 और 21 अप्रैल को आयोजित कि जा रही है, जो इस भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण है। इसी के तहत छपरा के साधुलाल पृथ्वी चंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के तीसरे चरण की परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा केंद्र पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के दौरान एक अभ्यर्थी को हाईटेक चोरी के उपकरणों के साथ रंगे हाथों दबोचा गया। पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो सिवान जिले के बैजुबरहोगा (ग्राम- बगहा) का निवासी बताया जा रहा है।


हवाई चप्पल में ब्लूटूथ और कलम में माइक्रोफोन

नकल के लिए अभ्यर्थी ने जो तरीका अपनाया था, उसे देखकर सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए। अभ्यर्थी रोहित कुमार ने अपनी हवाई चप्पल के भीतर ब्लूटूथ डिवाइस फिट कर रखा था। इतना ही नहीं, उसके पास से एक विशेष कलम भी बरामद हुई है, जिसमें माइक्रोफोन लगा हुआ था। तकनीक का ऐसा इस्तेमाल परीक्षा में सेंध लगाने की नीयत से किया गया था, जिसे मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते नाकाम कर दिया। 


प्राथमिकी दर्ज कर भेजा गया जेल

परीक्षा केंद्र में इस हाईटेक चोरी के खुलासे के बाद केंद्राधीक्षक और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आरोपित अभ्यर्थी रोहित कुमार को हिरासत में लेकर नगर थाना ले जाया गया, जहाँ उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।