Bihar News : बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर, इस जिले में डीएम ने ‘लॉक डाउन’ का जारी किया आदेश, 12 से 4 बजे तक बंद रहेगी दुकानें

Bihar News : बक्सर डीएम की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, दोपहर 12:00 बजे से लेकर अपराह्न 4:00 बजे तक जिले की सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में भीषण गर्मी और लू का कहर, इस जिले में
लॉक डाउन का आदेश - फोटो : SANDIP

BUXAR : जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। लू और गर्म हवा के कारण आमजन के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए समाहरणालय बक्सर की ओर से दोपहर 12:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक दुकानों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश जारी किया गया है। यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी और जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय अत्यधिक तापमान और गर्म हवाएं लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के सबसे ज्यादा खतरे में हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार बक्सर जिले के सभी बाजार, दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को भी इसी अवधि में सीमित रखने का आदेश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही वाहनों के परिचालन की अनुमति दी जाएगी। हालांकि आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुछ आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। इसमें अस्पताल, चिकित्सा सेवाएं, दवा दुकानें, पेयजल आपूर्ति, दुग्ध आपूर्ति और अन्य आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इधर, प्रसिद्ध होमियोपैथी चिकित्सक डॉ एस० एन० सिंह ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि बहुत जरूरी न हो तो लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें। यदि किसी कारणवश बाहर निकलना जरूरी हो तो शरीर को तौलिये या गमछे से ढक कर रखें, विशेषकर माथे और गले के हिस्से को। उन्होंने सलाह दी कि घर से निकलने से पहले भरपूर पानी पीकर निकलें और थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल पर प्यास न लगने की स्थिति में भी पानी पीते रहें। साथ ही मौसमी फलों का अधिक सेवन करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे शरीर में पानी और जरूरी पोषक तत्वों की कमी नहीं होगी तथा लू से बचाव में मदद मिलेगी। साथ ही जरुरत पड़ने पर इलेक्ट्रोलायट्स का इस्तेमाल भी करते रहना हैं। 

जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। हीट वेव से बचाव हेतु जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारी कर रखी है। चाहे वह अस्पताल में अतरिक्त बेड की व्यवस्था हो या जीवन रक्षक दवाएं, यह सभी पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं।

संदीप की रिपोर्ट