बक्सर में सड़क पर उतरेगी क्यूआरटी टीम, अवैध पार्किंग से लेकर नाबालिग ड्राइविंग पर होगी कार्रवाई
Bihar News : बढ़ती यातायात समस्याओं और सड़क सुरक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। आज डीएम और एसपी ने इसे लेकर एक बैठक की। जिसमें पदाधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए...
Buxar : जिले में बढ़ती यातायात समस्याओं और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई सख्त और प्रभावी निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में 3 तथा डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में 2 क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया जाए। ये टीमें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहकर अवैध पार्किंग, वाहनों के शीशों पर काली फिल्म, ओवरलोडेड यात्री व मालवाहक वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाएंगी। इसके साथ ही नाबालिग चालकों द्वारा टो-टो एवं ऑटो रिक्शा संचालन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस जांच एवं ट्रिपल लोडिंग जैसे नियमों के उल्लंघन पर नियमित चेकिंग का आदेश दिया है। आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि लोग अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का पालन करें।
बैठक में नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे यातायात उपाधीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर सभी चिन्हित स्थानों पर आवश्यक साइनेज बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करें, जिससे यातायात संचालन और अधिक व्यवस्थित हो सके।
वहीं, शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। नगर परिषद क्षेत्रों में जगह-जगह बने गड्ढों को जाम की बड़ी वजह मानते हुए पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को तत्काल सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिन सड़कों का चौड़ीकरण हो चुका है, उनका शीघ्र कालीकरण कराने और धूल नियंत्रण के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
कुल मिलाकर, यह बैठक बक्सर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में शहरवासियों को इसका सीधा असर सड़कों पर देखने को मिलेगा।
बक्सर से संदीप वर्मा की रिपोर्ट