CBI Raid in Bihar : बक्सर में CBI का बड़ा एक्शन, डाक अधीक्षक कुमारी सरिता समेत 3 को हिरासत में लिया, मचा हड़कंप

CBI Raid in Bihar : दिल्ली से आई सीबीआई की विशेष टीम ने बक्सर की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता समेत कुल तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है......पढ़िए आगे

CBI Raid in Bihar : बक्सर में CBI का बड़ा एक्शन, डाक अधीक्षक
सीबीआई का छापा - फोटो : SOCIAL MEDIA

BUXAR : बक्सर में मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो की अचानक हुई कार्रवाई से डाक विभाग के महकमे में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली से आई सीबीआई की विशेष टीम ने बक्सर की डाक अधीक्षक कुमारी सरिता समेत कुल तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को जिला सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां उनसे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है।

वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत पर दिल्ली से बक्सर पहुंची CBI टीम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाक विभाग में वित्तीय लेनदेन से जुड़ी एक गंभीर शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम ने बक्सर में यह छापेमारी शुरू की। टीम ने नगर स्थित प्रधान डाकघर में भी दबिश दी, जहां वित्तीय रिकॉर्ड, फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। अचानक हुई इस छापेमारी से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप का माहौल बना रहा।

सर्किट हाउस में चल रही पूछताछ, वित्तीय लेनदेन से जुड़े खंगाले जा रहे रिकॉर्ड

बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम हिरासत में लिए गए तीनों अधिकारियों और कर्मचारियों से वित्तीय अनियमितताओं और शिकायत से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि, जांच की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए सीबीआई अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

डाक महकमे में मचा हड़कंप, विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार

सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय डाक महकमे के साथ-साथ प्रशासनिक गलियारों में भी खलबली मची हुई है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही इस पूरे मामले में वित्तीय हेरफेर की सटीक जानकारी और कार्रवाई की मुख्य वजहों पर से पर्दा उठ सकेगा।

संदीप की रिपोर्ट