Bihar News : भागलपुर में प्रेमिका से मिलने प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ा, जमकर की पिटाई, पुलिस के किया हवाले
BHAGALPUR : जिले के ईसीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरपैंती के रिफातपुर गांव में प्रेम-प्रसंग का एक मामला हिंसक झड़प में बदल गया। अपनी प्रेमिका से चोरी-छिपे मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद उत्तेजित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मेहरबान नामक युवक का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर एक-दूसरे से छिपकर मिला करते थे। बुधवार को युवती घर से शौच जाने का बहाना बनाकर पास के खेत की ओर निकली, जहाँ मेहरबान पहले से उसका इंतजार कर रहा था। दोनों वहां बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक युवती की बहन की नजर उन पर पड़ गई।
युवती की बहन द्वारा शोर मचाने पर गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। प्रेमी जोड़े को साथ देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने युवक मेहरबान को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए युवक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान वहां काफी हंगामा हुआ, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ईसीपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक को छुड़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से युवक और युवती दोनों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले आई है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों को कानून हाथ में न लेने की हिदायत दी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट