Bihar News : मुंगेर के सन्नी कुमार ने शुरू की साहसिक यात्रा, स्केटिंग के सहारे 90 दिन में पहुंचेंगे बाबा केदारनाथ के द्वार

Bihar News : मुंगेर निवासी सन्नी कुमार ने साहसिक यात्रा की शुरुआत की है. जो स्केटिंग के माध्यम से 90 दिनों में केदारनाथ धाम पहुंचा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर के सन्नी कुमार ने शुरू की साहसिक यात्रा,
सन्नी की साहसिक यात्रा - फोटो : SOCIAL MEDIA

BHAGALPUR : दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस का परिचय देते हुए मुंगेर जिले के असरगंज निवासी सन्नी कुमार ने एक बेहद चुनौतीपूर्ण और अनोखे सफर का आगाज किया है। सन्नी ने स्केटिंग करते हुए उत्तराखंड स्थित बाबा केदारनाथ धाम पहुँचने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अपने इस साहसिक अभियान की शुरुआत उन्होंने रविवार को साहेबगंज स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। सन्नी का मानना है कि वे लगभग 90 दिनों के निरंतर सफर के बाद स्केटिंग करते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।

सन्नी कुमार की यह यात्रा केवल शारीरिक क्षमता का परीक्षण नहीं, बल्कि उनके बचपन के सपने को हकीकत में बदलने की कहानी है। वर्तमान में भागलपुर के साहेबगंज में एक लॉज में रहकर पढ़ाई करने वाले सन्नी ने इस मिशन के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने बताया कि स्केटिंग के जरिए केदारनाथ जाने की उनकी पुरानी इच्छा थी। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए वे अपने पैतृक गांव असरगंज से भागलपुर आए और यहाँ अपनी पढ़ाई के साथ-साथ सैंडिस कंपाउंड में नियमित रूप से स्केटिंग का कड़ा अभ्यास शुरू किया।

लगभग एक वर्ष के गहन प्रशिक्षण और पसीने बहाने के बाद अब सन्नी ने अपने सपनों की उड़ान भर ली है। यात्रा के पहले पड़ाव के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पहले दिन वे सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम पहुँचकर विश्राम करेंगे, जिसके बाद आगे का रास्ता तय किया जाएगा। इस लंबी दूरी को पहियों पर तय करना जोखिम भरा है, लेकिन सन्नी का आत्मविश्वास और महादेव के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा उन्हें आगे बढ़ने का संबल दे रही है।

सन्नी की इस उपलब्धि के पीछे उनके कोच सोनू कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान है। सैंडिस कंपाउंड में अपनी स्केटिंग एकेडमी चलाने वाले सोनू कुमार ने बताया कि सन्नी की लगन और जुनून शुरू से ही असाधारण रहा है। वर्तमान में उनके पास 50 से अधिक बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं, लेकिन सन्नी का यह साहसिक कदम पूरी एकेडमी के लिए गर्व का विषय है। कोच ने सन्नी के समर्पण की सराहना करते हुए उनकी सफलता की उम्मीद जताई है।

सन्नी की इस अनोखी यात्रा की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। रविवार को जब वे स्केटिंग करते हुए रवाना हुए, तो स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में जुटकर उनका उत्साहवर्धन किया। लोगों ने उनके अदम्य साहस की सराहना की और बाबा केदारनाथ से उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की। बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर स्केटिंग के जरिए पहाड़ों तक पहुँचने का यह संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट