Bihar News : भागलपुर में 'शोले' स्टाइल ड्रामा, युवती के एकतरफा इश्क में टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक जान जोखिम में डाल किया हंगामा

Bihar News : भागलपुर में एक युवक एकतरफ़ा इश्क में युवक टावर पर चढ़ गया. जिसके बाद मौके पर काफी देर तक अफरा तफरी मची रही......पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में 'शोले' स्टाइल ड्रामा, युवती के एकतर

BHAGALPUR : बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरा युवक एकतरफा प्यार में मोबाइल टावर की सबसे ऊंची चोटी पर जा चढ़ा। बलुवाचक स्थित हरिहर बाबा स्थान के पास हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें 4 घंटे तक अटकाए रखीं।

प्रेमिका से शादी की जिद और सुसाइड की धमकी

युवक की पहचान सन्हौली पंचायत के तरडीहा गांव निवासी भास्कर कुमार उर्फ अभिषेक (24 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिषेक अपनी प्रेमिका से जबरन शादी करने की जिद पर अड़ा था। टावर के ऊपर से वह चिल्ला-चिल्लाकर मांग कर रहा था कि लड़की को तुरंत मौके पर बुलाया जाए। उसने धमकी दी कि अगर प्रेमिका ने शादी के लिए 'हां' नहीं कहा, तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा।

4 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया

घटना की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम और जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया। एक तरफ युवक को बातों में उलझाकर शांत किया गया, तो दूसरी तरफ उसे सुरक्षित नीचे उतारने की योजना बनाई गई। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को नीचे उतारने में सफल रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

इस घटना ने मोबाइल टावर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर परिसर में कोई भी व्यक्ति इतनी आसानी से कैसे घुस सकता है और बिना किसी रोक-टोक के इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुँच गया? क्या वहां कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था? फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है कि वह किस मानसिक स्थिति में वहां पहुंचा था। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट