बच्चों की थाली में परोसा जा रहा जहर? टेस्ट में खुली बड़ी लापरवाही, प्रशासन सख्त, कार्रवाई की तैयारी

Bihar Mid Day Meal:मिड-डे मील को लेकर बड़ा खेल उजागर हुआ है। खाना न सिर्फ घटिया क्वालिटी मिल रहा था बल्कि उसमें संदिग्ध और अखाद्य तत्व की बू तक महसूस की गई.....

Poison in Kid Meals Test Exposes Lapses Action Likely
बच्चों की थाली में परोसा जा रहा जहर?- फोटो : reporter

Bihar Mid Day Meal: भागलपुर के पीरपैंती इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब आदर्श मध्य विद्यालय, बरैनी में मिड-डे मील को लेकर बड़ा खेल उजागर हुआ। शिकायत मिलते ही भाजपा विधायक मुरारी पासवान एकदम एक्शन मोड में नजर आए और बिना किसी पूर्व इत्तिला के स्कूल में औचक रेड मार दी। इस छापेमारी ने स्कूल प्रशासन की पोल खोलकर रख दी।

विधायक ने स्कूल की पूरी व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया हाजिरी रजिस्टर, साफ-सफाई, क्लासरूम का माहौल सब कुछ खंगाला गया। लेकिन असली राज तब खुला जब उन्होंने खुद मिड-डे मील का जायजा लेने के लिए खाना चखा। बताया जा रहा है कि खाना न सिर्फ घटिया क्वालिटी का था, बल्कि उसमें संदिग्ध और अखाद्य तत्व की बू तक महसूस हुई। यानि बच्चों की सेहत के साथ सीधा ‘खिलवाड़’!

मामला यहीं नहीं रुका इस जहरीले खाने का असर भी सामने आ गया। कुछ बच्चे और शिक्षक अचानक बीमार पड़ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात की नजाकत समझते हुए विधायक मुरारी पासवान ने फौरन अस्पताल को कॉल कर इलाज का बंदोबस्त कराया और प्रशासनिक अफसरों को कड़ी फटकार लगाई।

विधायक का रुख बेहद सख्त दिखा। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि बच्चों की जान के साथ सौदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।

इस पूरे कांड के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोग स्कूल सिस्टम और मिड-डे मील की क्वालिटी पर सवाल उठा रहे हैं। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं क्या इस गुनाह के जिम्मेदारों पर शिकंजा कसेगा या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

रिपोर्ट – अंजनी कुमार कश्यप