Bihar Police: नवगछिया को मिला नया पुलिस अधीक्षक, SP राजेश कुमार ने संभाला पदभार, पहले ही दिन की हाईलेवल मीटिंग
Bihar Police: नवगछिया पुलिस को नया पुलिस अधीक्षक मिला है। एसपी राजेश कुमार ने पदभार संभाल लिया है। कमान संभालते ही पहले ही दिन एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
Bihar Police: भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला को नया नेतृत्व मिल गया है। नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। पहले ही दिन एसपी राजेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के अपराध प्रोफाइल, पुलिस व्यवस्था और प्रमुख चुनौतियों पर गहन चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक
उन्होंने अधिकारियों से जमीनी हकीकत जानी और थाना स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना। एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ मामलों का त्वरित खुलासा (डिटेक्शन) और भविष्य में अपराध रोकने (प्रिवेंशन) पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर बड़े अपराध का शीघ्र समाधान पुलिस की प्राथमिकता होगी।
साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय
आधुनिक दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। इसको देखते हुए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम लोग ठगी का शिकार न हों। नवगछिया में साइबर डीएसपी की तैनाती को इस दिशा में अहम कदम बताया गया।
एसपी का फोकस
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एसपी ने विशेष फोकस किया। उन्होंने विक्रमशिला पुल, उसके पहुंच पथ और एनएच-31 पर लगने वाले जाम को बड़ी समस्या बताते हुए इसके समाधान के लिए अधिकारियों के साथ रणनीति तैयार करने की बात कही। आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रभावी एक्शन प्लान लागू करने का भरोसा भी दिया।
नए एसपी की प्राथमिकता
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण को लेकर भी पुलिस प्रशासन सक्रिय रहेगा। एसपी ने बताया कि दुर्घटना संभावित ‘ब्लाइंड स्पॉट’ चिन्हित कर वहां रोड साइन, मार्किंग और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। अपने पहले दिन के अनुभव साझा करते हुए एसपी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही अपराध और अव्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे। नए एसपी के रूप में राजेश कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी प्राथमिकता क्राइम कंट्रोल, साइबर जागरूकता, ट्रैफिक सुधार और सड़क सुरक्षा होगी। अब देखना यह होगा कि उनके नेतृत्व में नवगछिया पुलिस इन चुनौतियों से कैसे निपटती है।
नवगछिया से अंजनी की रिपोर्ट