Bihar News : भागलपुर में मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, अवैध संबंध और पैसों के विवाद में हुई थी मधुसूदन की हत्या, महिला आरोपी गिरफ्तार

Bihar News : नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड नयाटोला में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने 48 घंटे
मर्डर मिस्ट्री का खुलासा - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड नयाटोला में हुए अंधे कत्ल के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। यह पूरी हत्या अवैध संबंध, पैसों के लेन-देन और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची गई एक खौफनाक साजिश का नतीजा थी।

स्टेशन रोड के पास मिला था शव

घटना की शुरुआत 15 मई को हुई, जब स्टेशन रोड नयाटोला के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। जांच के बाद मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के खैरडीह निवासी मधुसूदन सिंह उर्फ महेश्वर सिंह के रूप में हुई। इसके बाद मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर नवगछिया थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

SIT और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मामले को सुलझाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली और मानवीय सूचनाओं को सक्रिय किया। इन तमाम कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस सीधे संदेही महिला काजल कुमारी तक जा पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

दबाव और पैसों की मांग से परेशान होकर रची साजिश

पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ में महिला आरोपी काजल कुमारी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी उगल दी। महिला ने स्वीकार किया कि उसका मृतक मधुसूदन सिंह के साथ अवैध संबंध था। पिछले कुछ समय से मधुसूदन उसे काफी परेशान कर रहा था। वह लगातार महिला से रुपयों की मांग कर रहा था और बार-बार मिलने व बातचीत करने का मानसिक दबाव बना रहा था। इस रोज-रोज के विवाद और दबाव से तंग आकर महिला ने खौफनाक कदम उठाने का फैसला किया।

दुर्घटना का रूप देने की थी कोशिश, गाड़ी और स्कॉर्पियो जब्त

काजल कुमारी ने इस प्रताड़ना से छुटकारा पाने के लिए अपने पति बृजेश कुमार और भाई गुड्डू कुमार के साथ मिलकर मधुसूदन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। पूर्व नियोजित योजना के तहत मधुसूदन को धोखे से बुलाया गया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को स्टेशन रोड नयाटोला के पास फेंक दिया गया, ताकि यह पूरा मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना जैसा लगे। पुलिस ने इस मामले में हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक स्कॉर्पियो वाहन को भी बरामद कर लिया है। फिलहाल नवगछिया पुलिस फरार पति और भाई की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट