Bihar News : भागलपुर में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, दो मासूम बच्चों के सामने पिता गंगा में डूबा, तलाश जारी

Bihar News : भागलपुर में गंगा स्नान के दौरान अपने बच्चों के सामने ही युवक गंगा नदी में लापता हो गया. ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं.......पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, दो मा
गंगा में युवक हुआ लापता - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर गंगा घाट से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। सोमवार को गंगा स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में जाने के कारण लापता हो गया। लापता युवक की पहचान गजरेली थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद यादव के पुत्र के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से गंगा घाट पर चीख-पुकार मची हुई है और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, करीब 150 की संख्या में ग्रामीण एक साथ गंगा स्नान के लिए बाबूपुर घाट पहुंचे थे। सभी लोग आस्था के साथ स्नान कर रहे थे, इसी दौरान युवक अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी की चपेट में आ गया। घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे डूबता देख बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई के कारण युवक देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पिछले कई घंटों से लापता युवक की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी सूचित किया जा रहा है ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा सके।

इस पूरी घटना का सबसे मार्मिक और भावुक पहलू यह रहा कि युवक के दो छोटे बच्चे भी उसके साथ घाट पर मौजूद थे। मासूम बच्चों ने अपनी आंखों के सामने अपने पिता को लहरों में विलीन होते देखा। पिता के अचानक लापता हो जाने के बाद से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की करुण पुकार सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे और मर्माहत स्थिति में हैं।

फिलहाल, गंगा घाट पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जुटी हुई है। ग्रामीण प्रशासन से जल्द से जल्द युवक को ढूंढ निकालने की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। क्षेत्र में इस घटना के बाद से मातम का माहौल पसरा हुआ है। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट