डीएम, एसपी एवं एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील तटबंधों का किया निरीक्षण, बचाव कार्यों का लिया जायजा

डीएम, एसपी एवं एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील तटबंधों
एम, एसपी एवं एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित तटबंधों का किया निरीक्षण- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शुक्रवारको जिलाधिकारी (डीएम) भागलपुर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवगछिया तथा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) नवगछिया ने रंगरा एवं गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी के कटाव और तटबंधों में उत्पन्न हुए ब्रीच की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा वहां चल रहे निरोधात्मक व सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की।


धोबनिया बांध में 20 फीट कटावयुद्धस्तर पर जारी है निरोधात्मक कार्य 

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने रंगरा प्रखंड स्थित धोबनिया जमींदारी बांध में हुए लगभग 20 फीट के कटाव स्थल का मुआयना किया। मौके पर अभियंताओं द्वारा चलाए जा रहे डॉवल निर्माण, बांस पाइलिंग, एन.सी. कार्य तथा बालू से भरे बोरे लगाने के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। नदी के जलस्तर से बांध को सुरक्षित रखने के लिए प्लास्टिक शीट की परत लगाकर बालू के बोरे बिछाए जा रहे हैं, वहीं पानी के ओवरटॉपिंग को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक तकनीकी उपाय किए जा रहे हैं।


ब्रह्मोत्तर बांध का ब्रीच नियंत्रितग्रामीणों के सहयोग की हुई सराहना 

इसके पश्चात अधिकारियों ने ब्रह्मोत्तर बांध का भी निरीक्षण किया, जहाँ बीती रात उत्पन्न हुए ब्रीच को समय रहते पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। मौके पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों की तकनीकी टीमों से किए गए कार्यों एवं वर्तमान स्थिति का फीडबैक लिया। ब्रीच को नियंत्रित करने में जल संसाधन विभाग की टीम के साथ स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए गए सराहनीय सहयोग की अधिकारियों ने खुले दिल से प्रशंसा की।


अधिकारियों को 24 घंटे सतर्कता बरतने और निगरानी रखने के निर्देश 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को धोबनिया बांध, बुढ़िया बांध सहित सभी संवेदनशील तटबंधों पर 24 घंटे निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्यों में और अधिक तेजी लाने को कहा गया।


बाढ़ के संभावित खतरे को कम करने में जुटा जिला प्रशासन 

जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि सभी संबंधित विभागों की टीमें संवेदनशील स्थलों पर पूरी तरह से मुस्तैद हैं। तटबंधों की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए संभावित बाढ़ के प्रभाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी है।

बालमुकुंद की रिपोर्ट