Bihar Crime : भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 'पीएम किसान निधि' की राशि उड़ाने वाले साइबर ठग को किया गिरफ्तार, घोघा डकैती का मुख्य आरोपी भी दबोचा गया

Bihar Crime : भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 'पीएम किसान निध

BHAGALPUR : भागलपुर पुलिस ने अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो बड़ी सफलताओं की घोषणा की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक तरफ किसानों के पैसे हड़पने वाले शातिर साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, तो दूसरी तरफ महीनों से फरार चल रहे घोघा डकैती कांड के मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इन कार्रवाइयों से जिले के संगठित अपराधियों और साइबर ठगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

पीएम किसान सम्मान निधि में सेंधमारी, दो गिरफ्तार

साइबर थाने की पुलिस ने 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उन किसानों को निशाना बनाता था जिनका पैसा केवाईसी (KYC) न होने के कारण रुका हुआ था। अपराधी फर्जी तरीके से बैंक खाते खोलकर किसानों के हक की राशि की अवैध निकासी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हबीबपुर निवासी राजकुमार दास और राधानगर निवासी दीपक शर्मा के रूप में हुई है। इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड और कई बैंक पासबुक बरामद किए गए हैं।

तकनीकी अनुसंधान से खुला ठगी का राज

इस मामले में 27 फरवरी 2026 को मिली लिखित शिकायत के बाद साइबर थाना कांड संख्या-20/2026 दर्ज किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के आधार पर 2 मार्च को इन शातिर ठगों को दबोचा गया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य चेहरों और बैंक खातों के फर्जी नेटवर्क का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।

घोघा डकैती कांड का अंतिम आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस को दूसरी बड़ी कामयाबी घोघा बाजार डकैती मामले में मिली है। 5 अक्टूबर 2025 को हथियार के बल पर हुई इस डकैती का मुख्य और अंतिम फरार आरोपी पवन कुमार शर्मा आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में है। पवन कुमार को 3 मार्च 2026 को झारखंड के देवघर जिले (चित्रा थाना क्षेत्र) से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में संलिप्त अन्य पांच आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं। पवन की गिरफ्तारी के साथ ही इस चर्चित डकैती कांड के सभी आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुँच गए हैं।

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा पुलिस का अभियान

पकड़े गए पवन कुमार शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट एवं मारपीट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और संगठित अपराध के विरुद्ध यह शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति जारी रहेगी। इन सफल छापेमारी टीमों में साइबर थाना, डीआईयू (DIU) और घोघा थाना के पुलिस पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट