भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राघोपुर में गंगा के कटाव स्थल का लिया जायजा

बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में है। इसमे सबसे ज्यादा भयावह स्थिति भागलपुर जिले के राघोपुर क्षेत्र में है। शनिवार को सीएम सम्राट चौधरी इलाके में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे और जमीनी हकीकत का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए....

भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राघोपुर में गंगा के
सीएम ने राघोपुर में गंगा के कटाव स्थल का लिया जायजा- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Bhagalpur : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी द्वारा मचाई जा रही तबाही और लगातार हो रहे भूमि कटाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को हवाई दौरा किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले हेलिकॉप्टर के जरिए भागलपुर हवाई अड्डे पर उतरे, जिसके बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से सीधे कटाव प्रभावित क्षेत्र राघोपुर के लिए रवाना हुआ। मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझा और जमीनी हकीकत का जायजा लिया।


अधिकारियों से ली कटाव निरोधी कार्यों की विस्तृत जानकारी 

राघोपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सीधे कटाव स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से अब तक चलाए जा रहे बचाव और कटाव निरोधी कार्यों का पूरा ब्योरा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि कटाव को रोकने के लिए अब तक क्या-क्या ठोस कदम उठाए गए हैं और वर्तमान में गंगा नदी के बहाव की क्या स्थिति है।


कटाव निरोधी कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को कटाव निरोधी कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अति-संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सामग्री और संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में समय रहते सुनिश्चित की जाए। सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों की जान-माल की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।


गंगा के जलस्तर और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी के आदेश 

उन्होंने अधिकारियों को गंगा नदी के जलस्तर और कटाव की बदलती स्थिति पर लगातार और पैनी नजर बनाए रखने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके। जलस्तर बढ़ने या कटाव तेज होने की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू करने के लिए सभी संबंधित टीमों को अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया गया।


प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद, राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश 

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। कटाव प्रभावित क्षेत्र में बचाव दलों की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री ने स्थानीय परिस्थितियों को करीब से देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था में कोई कमी न रहे, साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की मुकम्मल तैयारी रखी जाए।


बालमुकुंद की रिपोर्ट