Bhagalpur Vigilance Raid: बिजली कनेक्शन के नाम पर घूस लेते JE अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ गिरफ्तार

भागलपुर के कचहरी बिजली उपकेंद्र में नए बिजली कनेक्शन के बदले 4 हजार रुपये घूस लेते कनिष्ठ अभियंता (JE) अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।डीएसपी मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कप

vigilance raid electricity department je technician arrested
बिजली कनेक्शन के नाम पर घूस लेते JE अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ गिरफ्तार- फोटो : Reporter

भागलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई की है। तिलकामांझी स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र में छापेमारी कर विजिलेंस टीम ने बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (JE) अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


नए बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी गई थी घूस

मामले की जानकारी के अनुसार, एक उपभोक्ता ने नया बिजली कनेक्शन चालू कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो से की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने प्राथमिक स्तर पर पूरे मामले की गुप्त जांच और सत्यापन कराया। मामला सत्य पाए जाने पर आरोपियों को पकड़ने के लिए विजिलेंस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।


रंगे हाथ दबोचे गए आरोपी, घूस की रकम बरामद

पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने कचहरी बिजली उपकेंद्र में दोनों कर्मियों को 4 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, पहले से घात लगाकर बैठी विजिलेंस टीम ने तुरंत छापेमारी कर दी। टीम ने JE अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और मौके से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।


कानूनी कार्रवाई जारी, बिजली विभाग में मचा हड़कंप

विजिलेंस डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ता की शिकायत के सत्यापन के बाद ही यह पूरी कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विजिलेंस की इस अचानक और सख्त कार्रवाई के बाद से पूरे बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है।

भागलपुर से बालमुकुन्द की रिपोर्ट