भागलपुर में जाम से मिलेगी मुक्ति: जल्द शुरू होगा 'बेली ब्रिज' का निर्माण, एक महीने में तैयार करने का लक्ष्य
भागलपुर के निवासियों को जल्द ही जाम से निजात मिलेगी। बेली ब्रिज के निर्माण के लिए बीआरओ की टीम ने दी तकनीकी मंजूरी दे दी है। इस ब्रिज के निर्माण से हल्के वाहनों और ई-रिक्शा के लिए नया रास्ता सुलभ होगा...
Bhagalpur : शहर की चरमराती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुराने पुलों पर बढ़ते बोझ को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने एक ठोस पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने घोषणा की है कि भागलपुर में जल्द ही 'बेली ब्रिज' (Bailey Bridge) का निर्माण शुरू किया जाएगा। इस संबंध में सीमा सड़क संगठन (BRO) की मुख्यालय स्तर की टीम ने पहले ही स्थल का निरीक्षण कर लिया है और यहां पुल निर्माण को तकनीकी रूप से पूरी तरह उपयुक्त पाया है।
3.5 मीटर मीटर चौड़ा होगा यह बेली ब्रिज
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि प्रस्तावित बेली ब्रिज की चौड़ाई 3.5 मीटर तय की गई है। यह पुल विशेष रूप से हल्के वाहनों, ई-रिक्शा, बाइक और पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। वर्तमान में शहर के मुख्य पुलों पर वाहनों का दबाव इतना अधिक है कि लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। इस नए विकल्प के तैयार हो जाने से मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा और लोगों का समय बचेगा।
एक महीने के अंदर पूरा होगा निर्माण कार्य
निर्माण कार्य की समयसीमा को लेकर प्रशासन काफी गंभीर है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीआरओ की पूरी टीम एक-दो दिनों के भीतर भागलपुर पहुंच जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस पुल को एक महीने के भीतर या उससे भी पहले जनता के लिए खोल दिया जाए। उन्होंने बताया कि बेली ब्रिज एक तात्कालिक लेकिन अत्यंत प्रभावी समाधान है, जो शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले पुराने पुलों को बड़ी राहत प्रदान करेगा।
बीआरओ की सीधी निगरानी में इस पुल का निर्माण होगा
सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों पर जोर देते हुए डीएम ने कहा कि बीआरओ की सीधी निगरानी में इस पुल का निर्माण होगा, जिससे इसकी मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह पुल अपनी तकनीकी विशेषताओं के कारण दुर्गम परिस्थितियों में भी टिकाऊ साबित होता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह पुल पूरी तरह सुरक्षित होगा, जिससे यात्रियों को बिना किसी डर के आवागमन की सुविधा मिलेगी।
भागलपुर की जनता लंबे समय से यातायात की समस्या के स्थाई समाधान की मांग कर रही थी। ऐसे में जिला प्रशासन का यह फैसला शहरवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। बेली ब्रिज के शुरू होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि स्कूली बच्चों और मरीजों को भी अस्पताल ले जाने में होने वाली देरी से निजात मिलेगी। जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई है कि बीआरओ के सहयोग से यह प्रोजेक्ट रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया जाएगा।
बालमुकुंद की रिपोर्ट