Bihar Crime: शिकायत पर मुस्लिम टोला में औषधि विभाग की दबिश, तीन घरों की हुई जांच
Bihar Crime: मुस्लिम टोला में शिकायत के आधार पर औषधि विभाग की टीम ने तीन घरों में छापेमारी कर जांच की।...
Bihar Crime: भागलपुर के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम टोला में शिकायत के आधार पर औषधि विभाग की टीम ने तीन घरों में छापेमारी कर जांच की। औषधि विभाग की अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी घर से दवा का भंडारण या चिकित्सा प्रैक्टिस किए जाने का कोई प्रमाण नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक, सहायक औषधि नियंत्रक, भागलपुर के निर्देश पर औषधि निरीक्षक स्वर्णिमा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान तीन औषधि निरीक्षक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार, गोपालपुर पुलिस और दंडाधिकारी के रूप में बीएओ आयुष तिवारी मौजूद रहे।
टीम ने शिकायत के आलोक में हसनैन, मो. साजन और इजराइल के घरों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने घरों में मौजूद सामान और संभावित दवाओं की पड़ताल की। काफी देर तक चली जांच के बावजूद किसी भी घर से ऐसी दवा नहीं मिली, जिससे अवैध रूप से दवा रखने या बेचने की पुष्टि हो सके। इसके अलावा बिना वैध अनुमति चिकित्सा प्रैक्टिस किए जाने का भी कोई प्रमाण जांच टीम के हाथ नहीं लगा।
औषधि विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई छापेमारी से आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने शिकायत से जुड़े संभावित तथ्यों को भी परखा।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से विधिवत जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि कोई तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल तीनों घरों की जांच में दवा या चिकित्सा प्रैक्टिस का प्रमाण नहीं मिलने के बाद टीम वापस लौट गई। विभाग शिकायत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रहा है।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार