Bihar News : कथित जिहादी घटनाओं और सामाजिक मुद्दों को लेकर बजरंग दल का उग्र प्रदर्शन, निकाला चेतावनी रैली
Bhagalpur : जिले में बढ़ती कथित जिहादी घटनाओं और समाजिक मुद्दों को लेकर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कचहरी चौक से शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
बैनर और पोस्टरों के माध्यम से कथित जिहादी घटनाओं, लव जिहाद, अवैध भूमि कब्जा, खान-पान में अपवित्रता और हिंदू परिवारों व जनजातियों के उत्पीड़न जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से इन मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाएं समाज में असंतुलन पैदा कर रही हैं और सरकार को इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कचहरी चौक से निकला यह विरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ा और अंत में सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान कई नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रदर्शन एक चेतावनी है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।