Bihar Road Accident : भागलपुर में अज्ञात वाहन ने पिकअप में मारी टक्कर, दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हुई मौत, छह लोग हुए जख्मी, गांव में पसरा मातम

Bihar Road Accident : भागलपुर में अज्ञात वाहन ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में दो महिलाओं सहित 3 लोगों की मौत हो गयी है.......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : भागलपुर में अज्ञात वाहन ने पिकअप में म
सड़क हादसे में 3 की मौत - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR : नवगछिया के बाबा विशुराउत पुल पर  एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ,जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पिकअप (407) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों, डायल 112 की टीम और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के मिल्की गौशाला निवासी कारी देवी (70 वर्ष), पति प्रकाश मंडल; संजो देवी (62 वर्ष), पत्नी गरीब शर्मा; तथा पांचु चौधरी (65 वर्ष), पिता बिरंचि चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया कि पांचु चौधरी की मौत भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कारी देवी अपने पीछे तीन पुत्र विपिन, संजीत, रंजीत और एक पुत्री भोली देवी को छोड़ गई हैं। वहीं संजो देवी के पांच पुत्र सुखेंद्र, अमित, पिकेंद्र, राजेश और इंदल हैं, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में घायल लोगों में पांचो चौधरी (60 वर्ष), फुदनी चौधरी (55 वर्ष), मनोज यादव (40 वर्ष), शोभा देवी, चंपा देवी (40 वर्ष) और बेचनी देवी (50 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में किया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार, सभी लोग पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र में चना और मसूर की फसल काटने के लिए गए थे और मजदूरी कर पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अन्य मजदूरों को छोड़ने के बाद जैसे ही वाहन नवगछिया जीरोमाइल की ओर बढ़ा, बाबा विशुराउत पुल पर यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एसआई महेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। हर घर में चीत्कार गूंज उठा और गांव का माहौल गमगीन हो गया है। 

बालमुकुन्द की रिपोर्ट