Bihar News: नारी शक्ति पर सियासी संग्राम, बेतिया में महिला मोर्चा की हुंकार-विपक्ष ने साजिश कर रोका महिला बिल

Bihar News: एक बार फिर नारी शक्ति के मुद्दे पर गर्मी पकड़ ली है।...

Women Power Sparks Political Clash Bill Row Erupts
नारी शक्ति पर सियासी संग्राम- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चम्पारण के बेतिया में सियासत ने एक बार फिर नारी शक्ति के मुद्दे पर गर्मी पकड़ ली है। जन आक्रोश महिला सम्मेलन की कामयाबी को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार प्रदेश महिला मोर्चा की मंत्री संगीता चित्रांश ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और कई संगीन इल्जामात लगाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सीमा मधुगढ़िया, जिलाउपाध्यक्ष पायल गुप्ता समेत दर्जनों महिलाओं की मौजूदगी ने इस सियासी कार्यक्रम को और भी अहम बना दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संगीता चित्रांश ने साफ लहजे में कहा कि लोकसभा में 16 अप्रैल को पेश किए गए नारी शक्ति वंदन अभियान को विपक्ष ने सोची-समझी साजिश के तहत पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि इससे विपक्ष की महिलाओं के प्रति सोच बेनकाब हो गई है। उनका दावा था कि विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी सीधा निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश की 140 करोड़ महिलाओं को जवाब देना चाहिए कि आखिर क्यों इस महत्वपूर्ण विधेयक को पास नहीं होने दिया गया। संगीता चित्रांश ने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि अगर यह बिल पास हो गया, तो उनकी परिवारवादी सियासत कमजोर पड़ जाएगी और महिलाओं की भागीदारी सत्ता में बढ़ जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में इस बिल के लागू होने से महिलाओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सकती थी, जिसे विपक्षी दल जैसे डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और अन्य नहीं चाहते। उनके मुताबिक, विपक्ष की मंशा साफ है कि नारी को सत्ता में बराबरी का हक न मिले। इस पूरे मसले ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है, जहां नारी सम्मान और राजनीतिक मंशा आमने-सामने खड़ी नजर आ रही हैं।

रिपोर्ट-आशीष कुमार