US-Israel Iran Attack: ओमान की खाड़ी में तेल टैंकर पर मिसाइल हमला! बिहार के कप्तान लापता, परिवार में चिंता

US-Israel Iran Attack: ओमान की खाड़ी में ‘स्काई लाइट’ तेल टैंकर पर मिसाइल हमला। बिहार के बेतिया निवासी कप्तान आशीष कुमार लापता, परिवार ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।

US-Israel Iran Attack
ओमान के खाड़ी में मिसाइल हमला- फोटो : social media

US-Israel Iran Attack: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ओमान की खाड़ी से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। 1 मार्च को ओमान के खासब तट के पास एंकर पर खड़े तेल टैंकर ‘स्काई लाइट’ पर मिसाइल से हमला किया गया।इस हमले के बाद से जहाज के कप्तान, बिहार के बेतिया शिक्षक नगर निवासी आशीष कुमार, लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद उनके परिवार में गहरी चिंता और बेचैनी का माहौल है।

अधिकांश चालक दल सुरक्षित, कप्तान समेत दो लापता

परिजनों के अनुसार, मिसाइल हमले के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जहाज पर मौजूद अधिकांश चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।हालांकि, कप्तान आशीष कुमार समेत दो अन्य लोगों का अब तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हमले के बाद से परिवार लगातार शिपिंग कंपनी और संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहा है।

भारतीय दूतावास से संपर्क, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं

आशीष कुमार के भाई आकाश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने ओमान स्थित भारतीय दूतावास को ईमेल भेजा। 2 मार्च को शिपिंग कंपनी के एजेंट सुमित का फोन आया, जिसमें उन्होंने हमले और रेस्क्यू ऑपरेशन की पुष्टि की, लेकिन कप्तान आशीष कुमार के संबंध में कोई ठोस या आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। यह अनिश्चितता परिवार की चिंता को और बढ़ा रही है।

जानकारी के अभाव में बढ़ी बेचैनी

परिवार का कहना है कि अब तक कंपनी या दूतावास की ओर से कोई विस्तृत अपडेट नहीं मिला है।घर पर रिश्तेदार और पड़ोसी लगातार पहुंच रहे हैं। सभी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, तब तक हर गुजरता पल भारी लग रहा है।

सरकार से हस्तक्षेप की मांग

परिवार ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि ओमान सरकार से आधिकारिक संपर्क किया जाए। रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति स्पष्ट की जाए। लापता लोगों का जल्द पता लगाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास तेज किए जाएं। मिडिल ईस्ट में मौजूदा तनाव के कारण समुद्री मार्ग पहले ही जोखिम में हैं। ऐसे में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।