Bihar Road Accident : बेतिया में ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर के बाद नहर में गिरे दो युवक, एक की बची जान, दूसरा हुआ लापता

Bihar Road Accident : बेतिया में भीषण सड़क हादसे में दो युवक नाहर में गिर गए. जिसमें एक अभी भी लापता बताया जा रहा है......पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : बेतिया में ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर के ब
सड़क हादसे में युवक लापता - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर पुल के समीप बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गहरे पानी में समा गए।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। नहर में गिरे दो युवकों में से एक, जिसकी पहचान शाहबाग कुमार के रूप में हुई है, ने अदम्य साहस का परिचय दिया और किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। हालांकि, उसका साथी अभिषेक कुमार पानी के तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया, जिसका अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बेतिया के धूमनगर के निवासी हैं। वे मंगलवार को रामनगर के बांसगांव परसौनी में अपनी बहन के घर शादी का कार्ड देने गए थे। बुधवार की अहले सुबह खुशियों का निमंत्रण बांटकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी नियति को कुछ और ही मंजूर था और घर पहुँचने से पहले ही वे इस भीषण हादसे का शिकार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। वर्तमान में स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पानी गहरा होने के कारण लापता अभिषेक कुमार को ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पुलिस की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी चमत्कार की उम्मीद में नहर के किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं। स्थानीय ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

आशीष की रिपोर्ट