Saran Teacher Constituency: शिक्षक चुनाव में गरमाई सियासत,मौजूदा MLC पर फूटा गुस्सा, राहुल राज की एंट्री से मुकाबला गर्म

Saran Teacher Constituency: बिहार में शिक्षक वोट बैंक पर सियासी घमासान छिड़ा हुआ है।...

Teacher Poll Politics Heats Up Anger at Sitting MLC Hopes Ri
शिक्षक वोट बैंक पर सियासी घमासान- फोटो : reporter

Saran Teacher Constituency:पश्चिम चंपारण के लौरिया स्थित साहुजैन +2 उच्च विद्यालय में उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब डॉ. राहुल राज अपने समर्थक शिक्षकों के साथ पहुंचे। छपरा के रिविलगंज से जुड़े इस चुनावी समीकरण में उनकी मौजूदगी ने शिक्षक राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

विद्यालय परिसर में प्राचार्य और शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। इस दौरान डॉ. राहुल राज ने साफ लहजे में कहा कि वह सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं और शिक्षकों के हक की आवाज बुलंद करने आए हैं। उनका कहना था कि हम शिक्षा के सिपाहियों के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेंगे और उनके अधिकार का हर मंच पर पैरवी करेंगे।

उन्होंने मौजूदा शिक्षक एमएलसी पर भी तीखा हमला बोला। उनका आरोप था कि बीते तीन सालों में शिक्षकों के मसलों पर सदन में एक बार भी आवाज नहीं उठाई गई, जिससे शिक्षक बिरादरी खुद को ठगा और उपेक्षित महसूस कर रही है। यह बयान सियासी तौर पर बड़ा संकेत माना जा रहा है।

वहीं जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष नेजामुल्लाह खान और प्रमंडलीय अध्यक्ष श्यामा प्रसाद ने भी मौजूदा एमएलसी पर वादाखिलाफी का इल्जाम लगाया। उनका कहना था कि चुनाव के वक्त किए गए बड़े-बड़े वादे महज जुमले साबित हुए और बाद में उन्होंने शिक्षकों से दूरी बना ली। शिक्षक नेताओं ने डॉ. राहुल राज को एक जुझारू और जमीनी नेता बताते हुए उनसे उम्मीद जताई कि वह शिक्षकों की आवाज को सियासी ताकत में बदल सकते हैं।

सियासी गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि शिक्षक वोट बैंक पर यह मुकाबला आने वाले दिनों में और दिलचस्प होगा, जहां वादों, भरोसे और नाराजगी के बीच असली फैसला बैलेट बॉक्स में होगा।

रिपोर्ट- आशीष कुमार