Bihar News : एसएसबी ने दोमट में लगाया विशेष स्वास्थ्य शिविर, 275 ग्रामीणों की जांच कर मुफ्त बांटी दवाएं, रोटरी क्लब ने दिया सहयोग
Bihar News : 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज की ओर से ‘जी’ समवाय बलबल के कार्यक्षेत्र स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय, दोमट में विशेष मानव स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया.....पढ़िए आगे
BETTIAH : 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) नरकटियागंज की ओर से रविवार को कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांव दोमट स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में एक दिवसीय विशेष मानव स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। 'जी' समवाय बलबल के कार्यक्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
शिविर में भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र से पहुंचे पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों समेत कुल 275 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की गहनता से जांच की और बीमारी से संबंधित चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके साथ ही शिविर में आए सभी जरूरतमंद मरीजों के बीच एसएसबी एवं रोटरी क्लब की ओर से नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में रोटरी क्लब बेतिया सेंट्रल के डॉ. प्रदीप कुमार (कान विशेषज्ञ), डॉ. प्रमोद तिवारी (सर्जन), डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. सुमंत शेखर (नेत्र विशेषज्ञ), डॉ. शीला रंजन (गैस्ट्रोलॉजिस्ट), डॉ. अपूर्वा सिन्हा (जनरल फिजिशियन), डॉ. शेखर प्रशांत (दंत विशेषज्ञ) तथा 44वीं वाहिनी के डॉ. सुधांशु कुमार (जीडीएमओ) ने अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी गोविंद कुमार ठाकुर, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, निरीक्षक रणविजय सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री मंजू कुमारी, सूरज कुमार और कन्हैया ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती दूर-दराज के इलाकों में रह रहे ग्रामीणों को बेहतर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से आम जनता और सीमा पर तैनात सुरक्षाबलों के बीच आपसी विश्वास, सौहार्द और संवाद का संबंध और अधिक मजबूत होता है।