तीन सूत्री मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने पूर्व डिप्टी सीएम आवास का किया घेराव, रेणु देवी ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले में तीन सूत्री मांगों को लेकर 'बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ' के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने बेतिया की स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास का घेराव किया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर प्रदर्शन किया।
लंबे समय से जारी हड़ताल पर प्रशासन बेखबर
उल्लेखनीय है कि बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के सैकड़ों कर्मचारी बीते 30 जुलाई से काम बंद कर धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इतने दिनों से आंदोलन चलने के बावजूद स्थानीय जिला प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है, जिससे मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने मंत्री से की बात, मिला आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक रेणु देवी ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने तुरंत विभागीय मंत्री से दूरभाष (फोन) पर बातचीत कर सफाई कर्मियों की जायज समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री द्वारा समस्याओं के जल्द समाधान का ठोस आश्वासन दिया गया।
कर्मचारियों ने जताया आभार, लगाए जिंदाबाद के नारे
विभागीय मंत्री से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी सफाई कर्मियों ने रेणु देवी जिंदाबाद के नारे लगाए और उत्साहपूर्वक अपने घर लौट गए। हालांकि, संघ के नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें पूरी तरह लागू नहीं होतीं, वे सतर्क रहेंगे।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
संघ के नेता विनय बागी ने कहा कि नगर निगम से लेकर नगर पंचायत तक शहर को स्वच्छ रखने वाले कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, वहीं ठेका कर्मियों का भुगतान भी अटका हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर रुपाली देवी, पूनम देवी, भूटान रावत, मालती देवी, विजय राम, मुकेश राम सहित सैकड़ों सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
आशीष की रिपोर्ट